एफएमजीई अक्तूबर 2026: एनबीईएमएस ने जारी की सख्त एडवाइजरी, परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को दी क्या हिदायत?
एफएमजीई अक्तूबर 2026 परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए एनबीईएमएस ने सख्त एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताए गए निर्देशों का सभी अभ्यर्थियों को पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करना या उनका पालन न करना भारी पड़ सकता है। लेकिन इस एडवाइजरी में आखिर क्या निर्देश दिए गए हैं...?
विस्तार
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने अक्तूबर सत्र की एफएमजीई परीक्षा से पहले कड़े निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा बोर्ड ने एफएमजीई अक्तूबर 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए नॉन-डिसक्लोजर एग्रीमेंट (NDA) की शर्तें स्पष्ट की हैं। एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को परीक्षा की किसी भी सामग्री को मौखिक, लिखित, इलेक्ट्रॉनिक या अन्य किसी माध्यम से पोस्ट या प्रकाशित न करने की सख्त हिदायत दी है। बोर्ड ने एनडीए के मुख्य चार नियमों फिर से दोहराते हुए याद दिलाया है। चारों नियम आगे बताए गए हैं:
1. परीक्षा के प्रश्न और उत्तर गोपनीय रहेंगे
एफएमजीई एक स्वामित्व वाली परीक्षा है, जिसका आयोजन केवल एनबीईएमएस करता है। परीक्षा की सामग्री पूरी तरह गोपनीय है।
- उम्मीदवार परीक्षा के प्रश्नों और उत्तरों को किसी भी रूप में साझा नहीं कर सकते।
- परीक्षा की सामग्री को दोबारा प्रकाशित या प्रसारित करना प्रतिबंधित है।
- एनबीईएमएस परीक्षा के प्रश्नों और उत्तरों को साझा करने के अनुरोध स्वीकार नहीं करेगा।
- आंसर-की का प्रकाशन सूचना बुलेटिन में दिए गए प्रावधानों के अनुसार होगा।
2. सोशल मीडिया पर भी सामग्री साझा करना प्रतिबंधित
उम्मीदवार परीक्षा से जुड़ी कोई भी सामग्री अपने दोस्तों, परिचितों या किसी तीसरे व्यक्ति के साथ साझा नहीं कर सकते। यह प्रतिबंध ऑनलाइन माध्यमों और सोशल मीडिया पर भी लागू होगा, जैसे:
- SMS
- X
- Hangouts
- Blogs
यह नियम उम्मीदवार के अपने सोशल मीडिया अकाउंट के साथ-साथ किसी अन्य या प्रॉक्सी अकाउंट के माध्यम से सामग्री साझा करने पर भी लागू होगा।
3. कोचिंग संस्थानों और परीक्षा तैयारी सेवाओं पर भी प्रतिबंध
किसी भी परीक्षा तैयारी सेवा, कोचिंग संस्थान या व्यक्ति को हाल ही में एफएमजीई देने वाले उम्मीदवारों से परीक्षा की वास्तविक सामग्री प्राप्त करने, उसका उपयोग करने, उसे साझा करने या वितरित करने की अनुमति नहीं है। इसी तरह, उम्मीदवार भी परीक्षा के प्रश्नपत्र या उसकी किसी सामग्री को किसी व्यक्ति, कोचिंग संस्थान, टेस्ट प्रिपरेशन सर्विस या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ साझा नहीं कर सकते।
यदि यह प्रमाण मिलता है कि किसी उम्मीदवार ने ऐसे परीक्षा तैयारी कार्यक्रम, सेवा या ऑनलाइन फोरम में भाग लिया है अथवा उसका उपयोग किया है, जहां एफएमजीई के वास्तविक प्रश्नों या उत्तरों को उपलब्ध कराया जाता है, या उम्मीदवार ने प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से परीक्षा सामग्री साझा की है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। ऐसी स्थिति में:
- उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।
- एफएमजीई में उसकी उपस्थिति और परिणाम निरस्त किए जा सकते हैं।
- अतिरिक्त शैक्षणिक और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
4. नियमों का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई
एनबीईएमएस के अनुसार, नॉन-डिसक्लोजर एग्रीमेंट की किसी भी शर्त का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही उसकी उम्मीदवारी भी रद्द की जा सकती है।
एफएमजीई अक्तूबर 2026 के उम्मीदवार ध्यान दें
एफएमजीई में शामिल होने वाले उम्मीदवार परीक्षा की गोपनीयता से जुड़े इन नियमों का पालन करें। परीक्षा के वास्तविक प्रश्न, उत्तर या अन्य सामग्री को दोस्तों, कोचिंग संस्थानों अथवा सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।
कमेंट
कमेंट X