सोनाली बेंद्रे: शो में माधुरी ने छेड़ा नौवारी साड़ी का जिक्र, अभिनेत्री ने सुनाया माइकल जैक्सन से जुड़ा किस्सा
Sonali Bendre On Michael Jackson: माधुरी दीक्षित इन दिनों टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' का मराठी वर्जन 'कौन होनार करोड़पति' होस्ट कर रही हैं। शो के पहले एपिसोड में अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे पहुंचीं। यहां उन्होंने दिवंगत दिग्गज ग्लोबल स्टार माइकल जैक्सन से जुड़ा किस्सा सुनाया। जानिए सोनाली ने क्या कहा?
विस्तार
हाल ही में अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे मराठी रियलिटी शो 'कौन होनार करोड़पति' के सेट पर पहुंचीं। शो के ग्रैंड प्रीमियर एपिसोड में भाग लेते हुए उन्होंने पॉप आइकन माइकल जैक्सन के भारत की पहली यात्रा से जुड़ा किस्सा साझा किया।
माइकल जैक्सन पर क्या बोलीं सोनाली?
दिवंगत पॉप सिंगर से जुड़ी याद शेयर करते हुए सोनाली बेंद्रे ने बताया कि अक्तूबर-नवंबर 1996 में जब माइकल भारत आए थे तो उन्हें पॉप स्टार से मिलने से ज्यादा नौवारी साड़ी पहनने का उत्साह था। उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो, मैं उनकी इतनी बड़ी प्रशंसक नहीं थी। उन्होंने मुझसे कहा कि वह जैक्सन का स्वागत करने के लिए मराठी लड़कियों को लेना चाहते हैं। वहीं उस समय, मुझे अपने दोस्तों और परिवार के लिए मुफ्त टिकट मिले थे।’
क्यों है नौवारी साड़ी से लगाव ?
आगे अपनी बातचीत में सोनाली ने माधुरी से कहा, ‘और हां, नौवारी साड़ी पहनना बहुत ही मजेदार था क्योंकि मेरी दादी भी नौवारी साड़ी पहनती थीं, और मुझे हमेशा से नौवारी साड़ी पहनने का शौक रहा है। सच में, यह सबसे खूबसूरत साड़ी है इसलिए मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित थी।’
कॉन्सर्ट में दिखा माइकल का क्रेज
शो 'कौन होनार करोड़पति' में माइकल के बारे में बताते हुए सोनाली ने कहा, ‘लेकिन उनका स्वागत करने के बाद, जब मैं कॉन्सर्ट में गई, तब मुझे सच में समझ आया कि वो कितने बड़े कलाकार हैं। मतलब, कमाल, उनकी ऊर्जा, उनका गायन और उसके बाद मैं भी उनकी फैन बन गई।’
‘माइकल’ पर बनी फिल्म
- पॉप स्टार माइकल जैक्सन पर आधारित फिल्म ‘माइकल’ इस साल 24 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई।
- फिल्म में माइकल जैक्सन का किरदार उनके भतीजे जाफर जैक्शन ने निभाया।
- फिल्म में कोलमैन डोमिंगो ने माइकल के पिता और मैनेजर जो, निया लॉन्ग ने माइकल की मां कैथरीन का किरदार निभाया था।
- फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों ने काफी प्यार दिया।