सड़क पर भिड़े एम्स के एमबीबीएस छात्र: पार्टी के बाद देर रात सड़क पर किया हंगामा, सिपाहियों से भी हाथापाई
एम्स के एमबीबीएस छात्रों ने शनिवार देर रात सड़क पर हंगामा किया। रोकने पहुंचे सिपाहियों से हाथापाई हुई। आठ छात्रों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान हुआ, बाद में जमानत मिली।
विस्तार
होटल में जन्मदिन की पार्टी के बाद एम्स के एमबीबीएस छात्रों ने शनिवार देर रात सड़क पर हंगामा कर दिया। आपस में मारपीट कर रहे छात्रों को रोकने पहुंचे कैंट थाने के दो सिपाहियों से भी हाथापाई हो गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे आठ छात्रों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। रविवार को सभी का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से सभी को जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार, एम्स के करीब 12 एमबीबीएस छात्र शनिवार रात सागरश्री होटल में जन्मदिन की पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी खत्म होने के बाद कुछ छात्र सड़क पर आकर आपस में विवाद करने लगे। रात करीब डेढ़ बजे कैंट थाने के दो सिपाही वहां से गुजर रहे थे। छात्रों को मारपीट करते देखकर दोनों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, सिपाही सादे कपड़ों में थे। छात्रों ने उन्हें बाहरी व्यक्ति समझ लिया और उनके साथ भी हाथापाई कर दी।
मामला बढ़ने पर सिपाहियों ने पैडलेगंज पुलिस चौकी को सूचना दी। डायल 112 के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे आठ छात्रों को हिरासत में लेकर कैंट थाने ले गए। पूछताछ में छात्रों के बीच विवाद की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी एम्स प्रशासन को भी दी। हिरासत में लिए गए छात्र 2021 और 2022 बैच के एमबीबीएस के बताए गए हैं।
सड़क पर मारपीट करने वाले सभी छात्रों का शांतिभंग में चालान किया गया है। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से सभी को जमानत मिल गई। - कीर्ति निधी आनंद, सीओ कैंट