{"_id":"6ae1bc2817f7aa72ff01bb49","slug":"sarvesh-sharma-drone-project-student-injured-hostel-hamirpur-2026-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: ड्रोन प्रोजेक्ट से चर्चा में आए छात्र सर्वेश हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरे, अस्पताल में इलाज जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: ड्रोन प्रोजेक्ट से चर्चा में आए छात्र सर्वेश हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरे, अस्पताल में इलाज जारी
Wed, 28 Oct 2026 02:42 PM IST
Ankesh Dogra
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
Published by: Ankesh Dogra
Updated Wed, 28 Oct 2026 02:42 PM IST
हमीरपुर के बहुतकनीकी संस्थान बडू के कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र सर्वेश शर्मा हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
सर्वेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
सेना के लिए ड्रोन विकसित करने के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आए बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बडू के छात्र सर्वेश शर्मा हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के बाद छात्र के हॉस्टल की छत से छलांग लगाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
विज्ञापन
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र किन परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से नीचे गिरे। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
विज्ञापन
87 हजार रुपये की लागत से बनाया था ड्रोन
गौरतलब है कि बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बडू में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश शर्मा ने करीब 87 हजार रुपये की लागत से ड्रोन तैयार किया था। सेना के लिए ड्रोन विकसित करने से जुड़े उनके प्रोजेक्ट को लेकर वह चर्चा में आए थे। इस प्रोजेक्ट के लिए सेना से करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने की जानकारी भी सामने आई थी। अब हॉस्टल में हुई इस घटना के बाद छात्र के घायल होने को लेकर संस्थान में चर्चा है। हालांकि, घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।