शिमला: एचपीयू की वेबसाइट छह घंटे से अधिक समय तक रही ठप, परिणाम तलाशते रहे विद्यार्थी
एचपीयू की आधिकारिक वेबसाइट बुधवार को छह घंटे से अधिक समय तक ठप रही। वेबसाइट नहीं खुलने से हजारों विद्यार्थियों को जरूरी शैक्षणिक सूचनाएं हासिल करने में परेशानी हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की आधिकारिक वेबसाइट बुधवार को छह घंटे से अधिक समय तक ठप रही। वेबसाइट नहीं खुलने से हजारों विद्यार्थियों को जरूरी शैक्षणिक सूचनाएं हासिल करने में परेशानी हुई। इस बीच परीक्षा परिणाम जानने को लेकर भी विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समाचार और अन्य सूचनाएं लगातार जारी हो रही हैं, लेकिन जरूरी परिणाम समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। सबसे बड़ी परेशानी प्राक् शास्त्री द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को हो रही है। छात्रों के अनुसार वे पिछले दो दिन से परीक्षा परिणाम देखने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद एचपीयू की वेबसाइट के परिणाम अनुभाग में संबंधित परिणाम की पीडीएफ उपलब्ध नहीं है। विद्यार्थी पोर्टल पर लॉगइन करने के बाद भी परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है। इससे विद्यार्थियों के सामने परिणाम जारी होने की स्थिति को लेकर ही असमंजस है।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट उनके लिए सूचना का प्रमुख आधिकारिक माध्यम है। परीक्षा परिणाम, परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश संबंधी सूचनाएं और अन्य शैक्षणिक आदेश इसी माध्यम से मिलते हैं। ऐसे में वेबसाइट के लंबे समय तक बंद रहने से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करने के लिए दूसरे माध्यमों पर निर्भर होना पड़ रहा है।वेबसाइट पर सूचनाएं अद्यतन नहीं होने को लेकर भी छात्रों में नाराजगी है। विद्यार्थियों का कहना है कि एचपीयू की गतिविधियों और समाचारों की जानकारी तो सामने आ रही है, लेकिन परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं होती।
परिणाम जारी होने के बाद भी उसे वेबसाइट और छात्र पोर्टल पर उपलब्ध नहीं कराने से विद्यार्थियों को बार-बार जानकारी तलाशनी पड़ रही है। इसका असर आगे की शैक्षणिक प्रक्रिया पर भी पड़ सकता है। परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों को अगले वर्ष की पढ़ाई, प्रवेश, दस्तावेज जमा करने और अन्य प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। समय पर परिणाम नहीं मिलने से इन प्रक्रियाओं की समय सीमा को लेकर भी छात्रों की चिंता बढ़ रही है। साथ ही लंबित परिणामों को वेबसाइट और छात्र पोर्टल पर तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को सूचना व्यवस्था को अधिक भरोसेमंद बनाना चाहिए, ताकि तकनीकी समस्या के कारण विद्यार्थियों को परेशान न होना पड़े। एचपीयू के कुलपति महावीर सिंह को समस्या के बारे में बताया गया है और उन्होंने प्रशासन को वेबसाइट तत्काल बहाल करने के आदेश दिए हैं।