आज के दिन: वित्त मंत्री आज से पांच दिन के अमेरिका दौरे पर, देश मना रहा भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन
नमस्कार! आज है शुक्रवार, 28 अगस्त। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 28 अगस्त 2026 को श्रावण माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा है। वित्त मंत्री आज से पांच दिन के अमेरिका दौरे पर रहेंगी। इसके साथ ही देश भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन मना रहा है।
वित्त मंत्री का अमेरिका दौरा
केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण दो देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण में आज अमेरिका पहुंचेंगी। सीतारमण 2 सितंबर तक अमेरिका में रहेंगी। इस दौरान वित्त मंत्री शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क की यात्रा करेंगी। शिकागो में, वे प्रमुख निवेशकों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और निजी क्षेत्र के प्रमुख सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगी। सीतारमण शिकागो विश्वविद्यालय में पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का भी दौरा करेंगी, जहां वे उद्यमिता, नवाचार, प्रौद्योगिकी व्यावसायीकरण और भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम के साथ संबंधों को मजबूत करने पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगी। वित्त मंत्री अपनी यात्रा के दौरान शिकागो में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगी। उत्तरी कैरोलिना के एशविले में, निर्मला सीतारमण जी20 की अमेरिकी अध्यक्षता के तहत जी20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। ये बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी। अमेरिका यात्रा के अंतिम चरण में वित्त मंत्री न्यूयार्क पहुंचेंगी। यहां वे न्यूयार्क की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी।
साल का आखिरी चंद्र ग्रहण
साल 2026 का आखिरी चंद्र ग्रहण आज लगेगा। यह चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट से शुरू होगा जो दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर खत्म होगा। साल के आखिरी चंद्र ग्रहण का चरम काल सुबह करीब 9 बजकर 43 मिनट पर होगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सकेगा। जिसके कारण भारत में सूतक काल मान्य नहीं रहेगा।
देश आज मना रहा रक्षाबंधन
देशभर में आज रक्षाबंधन का पावन त्योहार मनाया जा रहा है। भाई-बहन के प्रेम को समर्पित यह पर्व कई शुभ संयोगों के बीच रहेगा। रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए दो शुभ समय बताए गए हैं। पहला और सबसे बेहतर मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। इस दौरान राखी बांधना शुभ और फलदायी माना गया है। अगर किसी कारण से सुबह राखी नहीं बांध पाएं, तो दोपहर 12:14 बजे से 1:05 बजे तक अभिजीत मुहूर्त भी विकल्प के तौर पर मौजूद रहेगा।