Emerging Technologies 2026: कैंसर के टीके से दुनिया समझने वाले AI तक, कौन सी 10 तकनीकें बदल सकती हैं दुनिया?
विश्व आर्थिक मंच की 2026 की रिपोर्ट में 10 उभरती तकनीकों को शामिल किया गया है। इनमें कैंसर के मरीज के हिसाब से तैयार होने वाले टीके, सीधे लिथियम निकालने की तकनीक, क्वांटम सुरक्षा और दुनिया को समझने वाले नए एआई जैसी तकनीकें शामिल हैं। कुछ तकनीकें अभी शोध में हैं, जबकि कुछ इस्तेमाल की ओर बढ़ रही हैं। इन तकनीकों से आम लोगों की जिंदगी कितनी बदल सकती है? उनका असर कब दिखेगा? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व आर्थिक मंच की 2026 की रिपोर्ट में ऐसी 10 उभरती तकनीकों की पहचान की गई है, जिनका आने वाले वर्षों में ऊर्जा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर बड़ा असर पड़ सकता है। इनमें कुछ तकनीकें अभी विकास के दौर में हैं, जबकि कुछ प्रयोगशाला से बाहर निकलकर वास्तविक इस्तेमाल की तरफ बढ़ रही हैं। इनका मकसद ऊर्जा बचाने से लेकर गंभीर बीमारियों के इलाज और डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने तक है।
क्या लिथियम और बिजली के इस्तेमाल का तरीका बदल जाएगा?
सीधे लिथियम निकालने की तकनीक से खारे पानी और दूसरे स्रोतों से लिथियम निकालने की कोशिश हो रही है। इससे पारंपरिक खनन की तुलना में पानी की खपत और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है। दूसरी तकनीक में इलेक्ट्रिक वाहन, घर, बैटरी और दूसरे उपकरण बिजली जमा करने के साथ जरूरत पड़ने पर बिजली व्यवस्था को वापस बिजली भी दे सकेंगे। इससे सौर और पवन ऊर्जा के बेहतर इस्तेमाल में मदद मिलने की उम्मीद है।
क्या नई तकनीक दवा को सीधे बीमारी तक पहुंचा सकेगी?
स्वास्थ्य क्षेत्र में शरीर की कोशिकाओं से निकलने वाले बेहद छोटे कणों का इस्तेमाल दवा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। इनके जरिये दवा को मस्तिष्क, हृदय, फेफड़ों और कैंसरग्रस्त हिस्सों तक पहुंचाने की संभावना है। कैंसर के मरीज के हिसाब से टीका तैयार करने पर भी शोध जारी है। इसका उद्देश्य शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को कैंसर कोशिकाओं की पहचान कर उन्हें नष्ट करने के लिए तैयार करना है। फेफड़े, गुर्दे और अग्नाशय के कैंसर में इसके इस्तेमाल पर शोध हो रहा है।
क्या क्वांटम कंप्यूटर से बचाएगी नई सुरक्षा तकनीक?
- भविष्य के शक्तिशाली क्वांटम कंप्यूटर मौजूदा सुरक्षा प्रणालियों के लिए चुनौती बन सकते हैं।
- इससे बचने के लिए जटिल गणितीय संरचनाओं पर आधारित नई कूटलेखन तकनीक विकसित की जा रही है।
- इसका इस्तेमाल बैंकिंग, चिकित्सा, सरकारी और निजी आंकड़ों की सुरक्षा में किया जा सकता है।
- वहीं क्वांटम तकनीक का इस्तेमाल दवा खोजने में भी हो सकता है, क्योंकि इससे दवा बनाने वाले अणुओं की संरचना और उनके बीच संबंधों को बेहतर समझने की उम्मीद है।
क्या बिना बिजली के ठंडक और साफ पर्यावरण संभव होगा?
एक उभरती तकनीक सतह की गर्मी को विकिरण के जरिये अंतरिक्ष की ओर भेजकर बिना बिजली या ईंधन के ठंडक पैदा करने की कोशिश करती है। इसका इस्तेमाल भवनों और औद्योगिक इकाइयों में बढ़ सकता है। पर्यावरण के लिए पीएफएएस जैसे लंबे समय तक बने रहने वाले रसायनों को कम हानिकारक बनाने की तकनीक पर भी काम हो रहा है। इसके अलावा सूक्ष्मजीवों को छोटे कारखानों की तरह इस्तेमाल कर दूध और अंडे के प्रोटीन, औषधीय पदार्थ, कोलेजन और मकड़ी के रेशम जैसी सामग्री बनाने की कोशिश हो रही है।
क्या अगली पीढ़ी का एआई दुनिया को समझकर अनुमान लगा सकेगा?
रिपोर्ट में जिस नई पीढ़ी के एआई का जिक्र है, वह केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा। यह आसपास की दुनिया का एक आंतरिक मॉडल बनाकर घटनाओं के संभावित परिणामों का अनुमान लगाने की क्षमता विकसित कर सकता है। यानी एआई सिर्फ जानकारी देने के बजाय परिस्थितियों को समझकर आगे क्या हो सकता है, इसका अनुमान लगाने की दिशा में बढ़ रहा है। इन 10 तकनीकों की खासियत यही है कि इनका असर केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऊर्जा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और डिजिटल दुनिया में एक साथ बदलाव ला सकता है।