फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?

एक्सप्लेनर: चक्रवात अर्नब कितना खतरनाक; किन राज्यों पर मंडरा रहा खतरा और कब टकराएगा तट से?

Tue, 27 Oct 2026 06:21 AM IST
रिया दुबे स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: रिया दुबे Updated Tue, 27 Oct 2026 06:21 AM IST
सार
Register For Event

चक्रवात अर्नब के तट से टकराने के दौरान आंध्र प्रदेश के निचले तटीय इलाकों में जलभराव का खतरा है। तेज हवाओं और भारी बारिश से कच्चे मकानों, बिजली के खंभों, पेड़ों और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं सबकुछ।

विज्ञापन
Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
चक्रवात अर्नब - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब तेजी से मजबूत हो रहा है और भारतीय तट की ओर बढ़ रहा है। इस चक्रवात को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। 

विज्ञापन


ऐसे में आइए जानते हैं कि चक्रवात का नाम अर्नब कैसे रखा गया? चक्रवात का नाम कैसे तैय होता है? चक्रवात अर्नब की मौजूदा स्थिति क्या है? यह तट से कब टकराएगा? किन इलाकों में सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है? राज्यों ने क्या तैयारियां की है?

विज्ञापन

चक्रवात अर्नब का नाम किसने रखा?

चक्रवात अर्नब का नाम बांग्लादेश ने प्रस्तावित किया था। यह नाम अप्रैल 2020 में विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और एशिया एवं प्रशांत के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) के चक्रवात संबंधी पैनल द्वारा अपनाई गई आधिकारिक सूची में शामिल है। वैसे अर्नब एक संस्कृत मूल का नाम है, जिसका अर्थ समुद्र या महासागर होता है।

विज्ञापन
विज्ञापन


इस सूची में 13 देशों के नाम शामिल हैं। ये देश हैं- बांग्लादेश, भारत, ईरान, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन।

हर देश ने 13 नाम दिए थे। इस तरह कुल 169 नामों की सूची तैयार की गई। उत्तर हिंद महासागर में बनने वाले चक्रवातों के लिए इन नामों का क्रम से इस्तेमाल किया जाता है। इसमें बंगाल की खाड़ी और अरब सागर शामिल हैं।

Trending Videos

Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
अर्नब चक्रवात - फोटो : Amar Ujala

कब रखा जाता है चक्रवात का नाम?

किसी चक्रवात को नाम तब दिया जाता है, जब उसकी सतह पर चलने वाली अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 34 नॉट यानी लगभग 62 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच जाती है। इसका मतलब है कि समुद्र के ऊपर मौसम संबंधी हलचल होने या बारिश का अनुमान लगने भर से किसी सिस्टम को चक्रवात का नाम नहीं दिया जाता। इसके लिए हवा की रफ्तार का निर्धारित मानक पूरा होना जरूरी है।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के चक्रवातों का नाम कौन रखता है?

उत्तर हिंद महासागर में बनने वाले उष्णकटिबंधीय चक्रवातों का नाम रखने की जिम्मेदारी नई दिल्ली स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र की है। इसमें बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले चक्रवात शामिल हैं।

चक्रवात का नाम इस आधार पर नहीं रखा जाता कि वह किस देश से टकराने वाला है। नाम तय करने के लिए क्षेत्रीय देशों द्वारा सहमति से तैयार की गई आधिकारिक सूची और उसके क्रम का पालन किया जाता है।

Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
चक्रवात अर्नब - फोटो : Amar Ujala

चक्रवात अर्नब की मौजूदा स्थिति क्या है?

मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य हिस्से में मौजूद था। उस समय इसकी हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि झोंकों में यह 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। तूफान पिछले छह घंटों में 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा था।

उपग्रह से मिली तस्वीरों में तूफान के चारों ओर बादलों के घने घेरे और बीच में स्पष्ट चक्रवाती गतिविधि दिखाई दे रही है। इससे तूफान के संगठित होने और मजबूत होने का संकेत मिलता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 अक्तूबर की आधी रात तक ये गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 27 अक्तूबर को इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है।

Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
चक्रवात अर्नब - फोटो : Amar Ujala

कब और कहां तट से टकराएगा तूफान?

पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात अर्नब उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके 28 अक्तूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार करने की संभावना है।

तूफान के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास तट से टकराने का अनुमान है। उस समय यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान हो सकता है। इसके साथ 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंकों में हवा की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट?

चक्रवात अर्नब का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा कई अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। आईएमडी ने 26 से 31 अक्तूबर के बीच अलग-अलग इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई है।

अंडमान द्वीपसमूह: 26 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के बाद राहत का अनुमान।

आंध्र प्रदेश: 27 और 28 अक्तूबर को तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। 29 अक्तूबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा: 27 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश और उत्तरी ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। 29 अक्तूबर को आंतरिक ओडिशा में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

तेलंगाना: 28 अक्तूबर को पूर्वी तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़: 27 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 28 अक्तूबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 29 अक्तूबर को उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है।

झारखंड: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

बिहार: 29 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 31 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।

पश्चिम बंगाल: गंगा के मैदानी क्षेत्रों के तटीय जिलों में 28 और 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

विदर्भ: 28 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को पूर्वी विदर्भ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है।

पूर्वी मध्य प्रदेश: 28 और 30 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 29 अक्तूबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश: 29 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 30 अक्तूबर को पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
चक्रवात अर्नब - फोटो : Amar Ujala

तूफान के दौरान कितनी तेज चलेंगी हवाएं?

मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 27 अक्तूबर की शाम से हवाओं की रफ्तार बढ़ने लगेगी। 27 अक्तूबर की आधी रात से कृष्णा से अनकापल्ली तक के तटीय जिलों में हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

28 अक्तूबर की सुबह से दोपहर से पहले तक हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। इस दौरान हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

इतनी तेज हवाओं से तटीय इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने और पेड़ों, बिजली के खंभों और संचार व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

समुद्र में उठ सकती हैं ऊंची लहरें

चक्रवात के तट से टकराने के दौरान आंध्र प्रदेश के निचले तटीय इलाकों में समुद्र की लहरों से जलभराव होने का खतरा है।

आईएमडी ने काकीनाडा के आसपास पूर्वी गोदावरी जिले और यानम में खगोलीय ज्वार के स्तर से 1 से 1.5 मीटर ऊपर तक तूफानी लहरें उठने का अनुमान जताया है। विभाग ने समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने और छोटी नावों के संचालन को असुरक्षित बताया है।

Explainer: How Dangerous Is Cyclone Arnab, Which States Are at Risk, and When Will It Make Landfall?
विशेषज्ञ की राय - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

चक्रवात से क्या नुकसान हो सकता है?

तेज हवाओं और भारी बारिश से कच्चे मकानों को व्यापक नुकसान पहुंच सकता है। बिजली और संचार के खंभे उखड़ सकते हैं, पेड़ गिर सकते हैं और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।

निचले इलाकों में जलभराव और तटीय बाढ़ का खतरा है। कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन भी हो सकता है। इसके अलावा सड़कों, रेलवे, बिजली लाइनों और सिग्नल व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश सरकार ने क्या तैयारियां की हैं?

चक्रवात अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और हर स्तर पर अधिकतम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि तूफान से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

ओडिशा सरकार ने क्या तैयारियां की हैं?

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार ने चक्रवात के संभावित प्रभाव की समीक्षा की है। उन्होंने बताया कि तूफान से निपटने की तैयारियों के लिए अलग-अलग विभागों को विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) की लगभग 20 टीमें तैनात हैं और उन्होंने जमीन पर आपदा की तैयारी पर काम करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने आने वाले साइक्लोन से निपटने के लिए तीन चरण का प्लान बनाया है। इन तीन चरणों में कुल 60 टीमें तैनात की जाएंगी। राज्य सरकार ने तैयारियों के तहत शून्य जनहानि का लक्ष्य रखा है।

इस बीच केंद्र सरकार ने तैयारियों की समीक्षा की है। कैबिनेट सचिव डॉ. टी. वी. सोमनाथन ने राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की। एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को तैयार रखा गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed