{"_id":"6ac732ad7c7963d69b0c6e03","slug":"kharge-hosted-lunch-for-opposition-mps-today-second-time-congress-in-do-or-die-mood-regarding-cec-resignation-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"खरगे की लंच पॉलिटिक्स 2.0: सीईसी के इस्तीफे पर आर-पार के मूड में कांग्रेस, जानें विपक्ष को लेकर क्या है प्लान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
खरगे की लंच पॉलिटिक्स 2.0: सीईसी के इस्तीफे पर आर-पार के मूड में कांग्रेस, जानें विपक्ष को लेकर क्या है प्लान
Thu, 08 Oct 2026 11:35 AM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Thu, 08 Oct 2026 11:35 AM IST
इंडिया ब्लॉक का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को विपक्षी नेताओं के लिए लंच आयोजित करेंगे, जिसके बाद फिर प्रदर्शन हो सकता है। इससे एक दिन पहले राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था।
विज्ञापन
मल्लिकार्जुन खरगे
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
इंडिया ब्लॉक के नेताओं का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहने वाला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुरुवार को लगातार दूसरे दिन विपक्षी गठबंधन के नेताओं के लिए लंच आयोजित कर रहे हैं। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, लंच दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में रखा गया है।
विज्ञापन
लंच के बाद फिर सड़क पर उतर सकता है विपक्ष
खरगे के इस लंच के बाद इंडिया ब्लॉक के नेता एक बार फिर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर लगातार दबाव बना रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि गुरुवार का कार्यक्रम भी इसी विरोध की अगली कड़ी हो सकता है।
विज्ञापन
बुधवार को लंच से शुरू हुआ था विरोध का नया दौर
इससे एक दिन पहले राहुल गांधी की अगुवाई में INDIA ब्लॉक के नेताओं ने विरोध का जोरदार प्रदर्शन किया था। पहले जनपथ स्थित सागर रत्ना में विपक्षी नेताओं ने शाकाहारी लंच किया और इसके बाद बसों के काफिले में जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए। अचानक कार्यक्रम ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब नेताओं ने रास्ते में ही धरना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने रास्ते में ही रोका, राहुल समेत कई नेता हिरासत में
विपक्षी नेताओं की योजना के मुताबिक विरोध प्रदर्शन जंतर-मंतर तक पहुंचना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। विपक्षी नेताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और खींचतान भी देखने को मिली।
'ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक नहीं रुकेंगे'
राहुल गांधी ने साफ कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक INDIA ब्लॉक का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा, "हम तब तक विरोध करते रहेंगे, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। यह देश की सबसे पवित्र चीज की रक्षा की लड़ाई है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह जो भी कर लें, वे हमें रोक नहीं सकते।"
करीब तीन घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बुधवार का विरोध करीब तीन घंटे तक चला। बसों में विपक्षी नेताओं का मार्च, फिर शांगरी-ला होटल के सामने गोलचक्कर पर अचानक धरना और उसके बाद पुलिस की कार्रवाई ने माहौल को काफी गरमा दिया। जब सुरक्षाकर्मियों ने नेताओं को वहां से हटाने और हिरासत में लेने की कोशिश की, तो विपक्षी सांसदों ने इसका विरोध किया।
सड़क पर लेट गईं प्रियंका गांधी, हाथ में था संविधान
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का विरोध का अलग ही अंदाज नजर आया। वह सड़क पर लेट गईं और हाथ में संविधान की प्रति थामे रहीं। उनके साथ कई अन्य महिला नेता भी सड़क पर डटी रहीं। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।
राहुल गांधी को वैन में बैठाने की कोशिश का भी विरोध
पुलिस जब राहुल गांधी को हिरासत में लेने के लिए वैन में बैठाने की कोशिश कर रही थी, तो उन्होंने इसका विरोध किया। INDIA ब्लॉक के दूसरे नेताओं ने भी सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें हिरासत में लिए जाने और इलाके को खाली कराने की कार्रवाई का विरोध किया।
मंगलवार से ही जारी है विपक्ष का प्रदर्शन
यह विरोध प्रदर्शन मंगलवार से चल रहा है। उस दिन इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद से मार्च निकाला था और राहुल गांधी ने आकाशवाणी भवन के पास धरना दिया था। इसके अगले दिन खरगे ने जनपथ स्थित एक दक्षिण भारतीय रेस्तरां में गठबंधन के सांसदों के लिए लंच रखा। कई लोगों ने इसे विपक्षी एकजुटता दिखाने के साथ-साथ एक और सड़क प्रदर्शन की तैयारी के तौर पर देखा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली: राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की का आरोप
आज के लंच पर टिकी नजरें
अब गुरुवार को खरगे का दूसरा लंच इस पूरे घटनाक्रम में अगला कदम माना जा रहा है। मोएट्स, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस में दोपहर 1:45 बजे होने वाली इस बैठक के बाद विपक्ष किस जगह और किस तरह प्रदर्शन करता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।