लेह: लद्दाख को कल मिलेगी विकास परियोजनाओं की सौगात, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्तूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लेह के सिंधु घाट पर विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समर्पित करेंगे, जबकि इसी दिन लद्दाख के राजनीतिक और संवैधानिक अधिकारों पर उप-समिति की बैठक होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 18 अक्तूबर को लेह आने की भी संभावना है।
विस्तार
लद्दाख के लिए 15 अक्तूबर का दिन बेहद खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समर्पित करेंगे। वहीं, दूसरी ओर इसी दिन केंद्र सरकार लद्दाख के राजनीतिक व सांविधानिक अधिकारों पर स्थानीय नेतृत्व के साथ उप-समिति स्तर की उच्चस्तरीय वार्ता करेगी।
पीएम ने लद्दाख में बेहतर सड़कों और बड़े लेह हवाई अड्डे की घोषणा की
प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट में कहा कि लद्दाख को बेहतर सड़कें मिलेंगी। उन्होंने बताया कि लेह हवाई अड्डा भी बड़ा होगा। यह कदम क्षेत्र की संस्कृति, वाणिज्य और संपर्क के लिए बड़ी खबर है।
View this post on Instagram
इसके बाद 18 अक्तूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संभावित लेह दौरा इस राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर रहा है। इससे बड़ी घोषणाओं की उम्मीद जगी है। प्रधानमंत्री लेह में सिंधु घाट पर तैयार अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन लद्दाख के मुख्य सचिव की ओर लेह में किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने तथा कनेक्टिविटी व सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने की उम्मीद है।
18 को जिला न्यायालय परिसर में नए भवन का लोकार्पण कर सकते हैं गृह मंत्री
उप समिति की बैठक के तीन दिन बाद 18 अक्तूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लेह दाैरे की संभावना है। इस दाैरान वे जिला न्यायालय परिसर में नए भवन का लोकार्पण कर सकते हैं। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे में किसी बड़ी घोषणा की संभावना के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, इस दाैरे के संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
चार सूत्रीय एजेंडे पर गृह मंत्रालय से वार्ता
वीरवार को ही लेह में लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के प्रतिनिधियों की केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उप-समिति की बैठक होगी। लेह एपेक्स बॉडी के सह-अध्यक्ष छेरिंग दारजे लाक्रुक ने कहा कि पूर्व में कारगिल में बैठक का प्रस्ताव था, जिसे अब लेह में तय किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र के साथ पहले हुई बैठकों के बाद अब दोनों संगठनों को इस वार्ता से सकारात्मक नतीजों की उम्मीद है।
छेरिंग ने बताया कि बैठक में लद्दाख के चार सूत्रीय एजेंडे पर चर्चा होगी। इसमें प्रमुख रूप से केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए संवैधानिक सुरक्षा उपायों और विशेष दर्जे की मांग भी शामिल है।