जम्मू-कश्मीर: पटनीटॉप में होटल भूमि घोटाले पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, अब तक 41.38 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने पटनीटॉप होटल भूमि अतिक्रमण मामले में होटल हॉलिडे इन, ब्रॉडवे, हॉलीवुड और माउंटव्यू की 10.66 करोड़ की संपत्तियां अटैच की हैं।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में होटल भूमि अतिक्रमण मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत करीब 10.66 करोड़ की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। इनमें पटनीटॉप स्थित होटल हॉलिडे इन, होटल ब्रॉडवे, होटल हॉलीवुड और होटल माउंटव्यू की जमीन और इमारतें शामिल हैं।
इस मामले में वर्ष 2025 में भी दो अलग-अलग आदेश जारी कर करीब 30.72 करोड़ की संपत्तियां अटैच की गई थीं। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक अटैच की गई संपत्तियों का कुल मूल्य बढ़कर करीब 41.38 करोड़ हो गया है।
ईडी ने यह जांच जम्मू की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी। इसमें होटल, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट, कॉटेज और आवासीय संपत्तियों के मालिकों व निदेशकों के साथ पटनीटॉप विकास प्राधिकरण (पीडीए) के अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया था।
जांच में आरोप सामने आए कि कुछ आवासीय इमारतों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था ईडी के मुताबिक, इन गतिविधियों को रोकने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने में पीडीए के कुछ अधिकारियों की ओर से भी लापरवाही बरती गई।
एजेंसी ने बताया कि होटल हॉलिडे इन को निर्माण की मंजूरी मिलने के बावजूद स्वीकृत नक्शे से 7,552.74 वर्ग फुट अतिरिक्त निर्माण किया गया था। वहीं, होटल ब्रॉडवे, हॉलीवुड और माउंटव्यू जरूरी अनुमतियों के बिना व्यावसायिक रूप से संचालित किए जा रहे थे।
इस मामले में सीबीआई ने 2023 में छह होटलों से जुड़े आठ होटल मालिकों और पीडीए के कई अधिकारियों के खिलाफ छह आरोपपत्र दाखिल किए थे। ईडी ने अब अवैध व्यावसायिक गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को अपराध से अर्जित आय मानते हुए अटैच किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।