रातभर धधकती रही किश्तवाड़ की पहाड़ी: पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका, 11 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
किश्तवाड़ के त्रिगाम क्षेत्र में पहाड़ी पर लगी भीषण आग से करीब 125 एकड़ सरकारी भूमि और वनस्पति को नुकसान पहुंचा। 11 घंटे के संयुक्त अभियान के बाद मंगलवार सुबह आग पर काबू पाया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार शाम एक पहाड़ी के निचले हिस्से में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग पहाड़ी की ढलान पर फैल गई और आसपास के पलान व पेडल गांवों के लिए खतरा पैदा हो गया। दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ, नागरिक प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से मंगलवार सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए लगभग 11 घंटे तक अभियान चलाया गया।
आग सोमवार शाम करीब 6:54 बजे किश्तवाड़ जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर त्रिगाम क्षेत्र की पहाड़ी के निचले हिस्से में लगी थी। सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इसकी चपेट में करीब 1,000 कनाल (125 एकड़) सरकारी भूमि आ गई। आग से बड़ी संख्या में पेड़-पौधों और वनस्पति को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग को गांवों तक पहुंचने से रोकने के लिए दमकल विभाग ने तुरंत अभियान शुरू किया। आसपास के गांवों की सुरक्षा के लिए दमकल गाड़ियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया, जबकि दमकल कर्मियों ने फायर बीटर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पहाड़ी क्षेत्र में सड़क की पहुंच समाप्त होने के बाद भी आग करीब दो किलोमीटर तक फैल गई थी।
करीब 11 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह छह बजे आग पर नियंत्रण पाया गया। इस अभियान में दमकल एवं आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों के साथ नागरिक प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी अहम भूमिका निभाई।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सनी गुप्ता और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा कर अभियान की निगरानी की। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि पटाखे या किसी अन्य स्रोत से निकली चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।