राजस्थान पंचायत चुनाव: जयपुर समेत 16 जिलों में पहले चरण का मतदान जारी, 85 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे प्रतिनिधि
Rajasthan Panchayat Election 2026 Phase 1 Voting Live: राजस्थान पंचायत चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए कुल 85 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने जा रहे हैं। दोनों पदों को मिलाकर 6,926 प्रत्याशी मैदान में हैं। 104 पंचायत समितियों के 1,788 वार्डों में मतदान होने जा रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। चुनाव की पल-पल की लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें हमारे साथ...
लाइव अपडेट
केकड़ी पंचायत चुनाव: घटियाली के बूथ नंबर 33 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी, जांच के बाद दोबारा शुरू हुई वोटिंग
केकड़ी क्षेत्र में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत अजमेर जिला परिषद और केकड़ी, सरवाड़ व सावर पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।
केकड़ी पंचायत समिति के 22, सरवाड़ के 25 और सावर के 15 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान के लिए केकड़ी में 83, सरवाड़ में 84 और सावर में 68 केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिला परिषद सदस्य पदों के लिए भी मतदान हो रहा है।
ईवीएम की वायरिंग में खराबी से मतदान रुका
सावर पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत घटियाली के जसवंतपुरा स्थित बूथ संख्या 33 पर ईवीएम की वायरिंग में खराबी आने से करीब 10 मिनट तक मतदान बंद रहा। मशीन की जांच के बाद उसे दोबारा चालू किया गया और मतदान फिर से शुरू हो गया।
जोधपुर पंचायत चुनाव: शेरगढ़ क्षेत्र के 9 जिला परिषद वार्ड और 6 पंचायत समितियों में वोटिंग
जोधपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 जिला परिषद वार्डों और 6 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान जारी है। इस चरण में कुल 6 लाख 37 हजार 70 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
233 प्रत्याशी पंचायत समिति चुनाव में मैदान में
जिले की शेरगढ़, चाबा, आगोलाई, चामू, सेखाला और बालेसर पंचायत समितियों में 233 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इन पंचायत समितियों में 2 लाख 74 हजार 416 मतदाता हैं।
वहीं, जिला परिषद के वार्ड 2 से 10 तक चुनाव हो रहे हैं। इन वार्डों में 30 प्रत्याशी मैदान में हैं और 3 लाख 62 हजार 654 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शेरगढ़ के वार्ड 15 से कांग्रेस प्रत्याशी गंगासिंह निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
354 मतदान केंद्रों पर 1,977 कर्मचारी तैनात
मतदान के लिए जिले में 354 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,977 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें 80 से अधिक मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में हैं।
सदस्य पदों के चुनाव के बाद 24 अक्टूबर को वार्ड पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। पहले चरण में मतदान करने वाले मतदाताओं की बाएं हाथ की तर्जनी पर स्याही लगाई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में दाएं हाथ की तर्जनी पर स्याही लगाई जाएगी।
अलवर पंचायत चुनाव: न्याणा में ईवीएम की बीप और बैटरी में खराबी, बूथ 38 पर आधे घंटे बाद शुरू हुई वोटिंग
अलवर जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत गोविंदगढ़ पंचायत समिति के 15 वार्डों और जिला परिषद के वार्ड 32, 33 व 34 के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ।
न्याणा ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र बूथ संख्या 37 और 38 पर ईवीएम की बीप और बैटरी में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ। इसके बाद मशीनों को बदला गया। बूथ संख्या 37 पर कुछ समय बाद मतदान शुरू हो गया, जबकि बूथ संख्या 38 पर करीब 30 मिनट की देरी से वोटिंग शुरू हो सकी।
सुबह कम पहुंचे मतदाता, सुरक्षा के इंतजाम
शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर इक्का-दुक्का मतदाता ही वोट डालने पहुंचे। केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन का जाब्ता तैनात है। पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ मतदाताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया जारी है।
नागौर में पंचायत चुनाव का पहला रण: भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी की सियासी परीक्षा, 740 बूथों पर वोटिंग
नागौर जिले में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान जारी है। इस चरण में 6 लाख 53 हजार 641 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला परिषद के 21 वार्डों और 7 पंचायत समितियों के 121 वार्डों में कुल 142 सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा।
3,715 कर्मचारी संभाल रहे मतदान की जिम्मेदारी
जिले में मतदान के लिए 740 बूथ बनाए गए हैं। प्रशासन ने 743 मतदान दलों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना किया था। मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 3,715 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
कुल मतदाताओं में 3 लाख 36 हजार 652 पुरुष और 3 लाख 16 हजार 989 महिला मतदाता शामिल हैं।
जिला परिषद की 21 सीटों पर 73 उम्मीदवार मैदान में
जिला परिषद में कुल 37 वार्ड हैं। पहले चरण में वार्ड संख्या 1 से 9 और 26 से 37 तक, यानी कुल 21 वार्डों में मतदान हो रहा है। इन सीटों पर 73 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें कांग्रेस के 20, भाजपा के 19, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के 21 और 13 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।
जिला परिषद के शेष 16 वार्डों के 56 प्रत्याशियों के लिए दूसरे चरण में मतदान होगा।
जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव पर रहेगी नजर
नागौर में भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के लिए यह चुनाव अहम माना जा रहा है। गांवों के विकास, स्थानीय नेतृत्व और प्रत्याशियों की जनस्वीकार्यता जैसे मुद्दे चुनावी चर्चा में हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नतीजे आगे जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधानों के चयन की प्रक्रिया की दिशा तय करेंगे। मतदाताओं का वास्तविक रुझान मतगणना के बाद स्पष्ट होगा।
भीलवाड़ा में वोटिंग शुरू, खेती-बाड़ी में व्यस्त ग्रामीणों के दोपहर बाद पहुंचने की उम्मीद
भीलवाड़ा जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही कम दिखाई दी। कई केंद्रों पर इक्का-दुक्का मतदाता ही वोट डालने पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह के समय खेती-बाड़ी और मजदूरी के काम में व्यस्तता के कारण मतदान की रफ्तार धीमी रहने की बात सामने आई है। उम्मीद है कि काम से लौटने के बाद दोपहर में अधिक संख्या में ग्रामीण मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
झालावाड़ में पंचायत चुनाव का पहला चरण: सुबह मतदान केंद्रों पर कम भीड़, 4.55 लाख मतदाता करेंगे फैसला
झालावाड़ जिले में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत 4 पंचायत समितियों की 88 और जिला परिषद की 16 सीटों सहित कुल 104 सीटों पर मतदान जारी है। जिले में 467 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जहां 4 लाख 55 हजार 263 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सुबह मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती घंटों में केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम नजर आई। ग्रामीण क्षेत्रों में इक्का-दुक्का मतदाता ही मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। खेती-बाड़ी और मजदूरी में व्यस्त ग्रामीणों के दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर पहुंचने की उम्मीद है। गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मतदाताओं के लिए अहम हैं।
596 मतदान दल किए गए रवाना
मतदान से एक दिन पहले तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए 596 मतदान दलों को ईवीएम और चुनाव सामग्री के साथ केंद्रों के लिए रवाना किया गया था। जिले में 32 बूथों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पांच दिन पहले प्रसव कराने के बाद वोट डालने पहुंचीं महिला
भवानीमंडी क्षेत्र की भिलवाड़ी ग्राम पंचायत के सरकारी स्कूल स्थित बूथ संख्या 7 पर रश्मि नाम की महिला मतदान करने पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, पांच दिन पहले ही ऑपरेशन से उनका प्रसव हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने पहले अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और फिर अस्पताल में जांच के लिए रवाना हुईं।
राजस्थान: सोलह जिलों की जिला परिषदों के लिए आज मतदान, अजमेर से उदयपुर तक सजा चुनावी मेला
राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत आज सोलह जिलों की जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन चुनावों में जिला परिषद सदस्य के साथ पंचायत समिति सदस्य चुनने के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। मतदान के लिए प्रत्येक मतदाता को दो अलग-अलग वोट देने हैं। इसके लिए ईवीएम की व्यवस्था की गई है।
जयपुर: आठ पंचायत समितियों में मतदान शुरू, चौमूं से सांभर तक वोट डालने पहुंच रहे मतदाता
जयपुर जिले की आठ पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। चौमूं, दूदू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, मौजमाबाद और सांभर पंचायत समितियों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान को लेकर संबंधित क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हैं। इन चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चयन के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदाता दो अलग-अलग पदों के लिए मतदान करेंगे। इसके लिए ईवीएम की व्यवस्था की गई है।
राजस्थान पंचायत चुनाव: जयपुर समेत 16 जिलों में पहले चरण का मतदान जारी, 85 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे प्रतिनिधि
जिला परिषद सदस्य की सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है, वहीं कुछ क्षेत्रों में बीएपी, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशी भी समीकरण बिगाड़ सकते हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।- मतदान का समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- कुल जिले: 16
- जिला परिषदें: 16
- जिला परिषद की सीटें: 293
- जिला परिषद प्रत्याशी: 1,693
- पंचायत समितियां: 104
- पंचायत समिति के वार्ड: 1,788
- पंचायत समिति प्रत्याशी: 5,233
- कुल उम्मीदवार: 6,926
- कुल मतदाता: 85,07,306