यूपी: आयुर्वेद इंटर्न छात्रों का प्रदर्शन, बोले- मेहनत बराबर तो स्टाइपेंड कम क्यों; पोस्टरों में जेन-जी अंदाज
लखनऊ में आयुर्वेद इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने मौजूदा 7,500 रुपये मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने की मांग रखी। उनका कहना है कि 2011 से राशि में बढ़ोतरी नहीं हुई, जबकि अन्य चिकित्सा इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ चुका है। छात्रों ने समान मेहनत के लिए समान स्टाइपेंड की मांग की।
विस्तार
आयुर्वेद इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुक्रवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा 7,500 रुपये के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि वर्ष 2011 से अब तक उनके स्टाइपेंड में एक रुपये की भी बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाया जा चुका है। छात्रों ने कहा कि पढ़ाई के साथ वे मरीजों के इलाज और अस्पताल से जुड़े कामों में भी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय से उन्हें 7,500 रुपये ही मिल रहे हैं।
'करीब 250 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं'
आयुर्वेद इंटर्न डॉ. प्रखर ने कहा कि नीट पास करने के बाद छात्र इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते हैं। साढ़े चार साल की पढ़ाई के बाद एक साल की इंटर्नशिप करनी होती है। उन्होंने कहा कि 2011 से 2026 हो गया, लेकिन स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई।
छात्रों ने कहा कि कई इंटर्न किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। मौजूदा स्टाइपेंड में किराये और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल है। उनका कहना है कि उन्हें करीब 250 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं, जबकि पिछले 15 वर्षों में महंगाई काफी बढ़ चुकी है।
'मेहनत बराबर तो स्टाइपेंड भी बराबर हो'
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि वे मरीजों की देखभाल और अस्पताल के काम में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनका कहना है कि एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड प्रदर्शन के बाद 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया था। ऐसे में आयुर्वेद इंटर्न के लिए भी 25 हजार रुपये का स्टाइपेंड तय किया जाना चाहिए। छात्रों ने कहा कि उनकी मांग किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि सम्मानजनक स्टाइपेंड की है। उन्होंने सरकार से लंबे समय से लंबित स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।