प्रिया प्रकाश ने पिछले साल ने वैलेंटाइन डे के मौके पर एक वीडियो में आंख क्या मारी, पूरा देश उनका दीवाना हो गया । ये उनकी डेब्यू फिल्म 'ओरु अदार लव' का टीजर था । अब वैलेंटाइन से पहले फिर से प्रिया प्रकाश की नई फिल्म का ट्रेलर सामने आया है । इस फिल्म के साथ प्रिया बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं।
फिल्म का नाम है 'श्रीदेवी बंगलो' । फिल्म के नाम से तो लग रहा है कि ये फिल्म श्रीदेवी की जिंदगी पर आधारित है । वहीं ट्रेलर भी इसी ओर इशारा कर रहा है। प्रिया फिल्म में सुपरस्टार श्रीदेवी का रोल निभा रही हैं । ट्रेलर में दिखाया गया कि कैसे वो स्टार बनीं और फिर एक बाथ टब में उनकी लाश मिली ।
ट्रेलर और फिल्म के नाम से जाहिर है कि ये फिल्म श्रीदेवी पर आधारित है । लेकिन फिल्म में कहीं भी श्रीदेवी को कोई ट्रिब्यूट दिया गया है और न ही फिल्म इस बात को स्वीकार करती है कि यह कहानी श्रीदेवी की मौत की घटना पर आधारित है ।
इस बात को लेकर सोशल मीडिया यूजर प्रिया प्रकाश को ट्रोल भी कर रहे हैं । जब प्रिया प्रकाश से फिल्म के श्रीदेवी की जिंदगी पर आधारित होने का सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह उनकी जिंदगी पर आधारित है या नहीं ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी ।
उन्होंने कहा कि मैं तो बस एक सुपरस्टार का रोल कर रही हूं जिसका नाम श्रीदेवी है । बता दें कि लंबे समय से प्रिया के बॉलीवुड डेब्यू की खबर सामने आ रही थी । लेकिन प्रिया ने खुद कभी इस बात को नहीं कबूला । अब अचानक इस ट्रेलर को देख उनके फैंस हैरान हैं ।