किन्नौर में अग्निकांड: कनई गांव में आग की भेंट चढ़ा दो मंजिला मकान, गाय और बछड़ी जिंदा जले
किन्नौर जिले के कल्पा खंड के ग्राम पंचायत सापनी के कनई गांव में गुरुवार रात एक दो मंजिला लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में मकान के 10 कमरे जलकर राख हो गए। वहीं गोशाला में रखी एक गाय और एक बछड़ी भी जिंदा जल गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के कल्पा खंड के ग्राम पंचायत सापनी के कनई गांव में गुरुवार रात एक दो मंजिला लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में मकान के 10 कमरे जलकर राख हो गए। वहीं गोशाला में रखी एक गाय और एक बछड़ी भी जिंदा जल गए। आग की चपेट में घर के साथ लगते बगीचे के 15 सेब के पौधों को भी क्षति पहुंची है। अग्रिकांड में घर में रखा सामान, नकदी, गहने सहित खाद्य सामग्री जलकर राख हो गए। घटना की सूचना मिलते ही देर रात को सापनी बटूरी और कनई गांव के लोगों ने आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास किया, लकड़ी के मकान में भड़की आग ने देखते ही देखते पल भर में दो मंजिला भवन को राख की ढेर में तबदील कर दिया।
अनिल सिंह के मकान में भड़की आग
पुलिस चौकी कड़छम से मिली जानकारी के मुताबिक रात को कनई निवासी अनिल सिंह कामटेस के मकान में अचानक आग लग गई। रात के अंधेरे में जलते हुए घर से धुएं को देखकर सापनी, बटूरी और कनई गांव के ग्रामीण आग बुझाने के लिए घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने आग को बुझाने के लाख जतन किए, लेकिन लकड़ी से बना यह घर देखते ही देखते आग की लपटों में डूब गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन सभी प्रयास धरे के धरे रह गए। आग लगने की सूचना उप प्रधान सापनी मनीष नेगी ने पुलिस चौकी कड़छम और जिला प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राकेश कुमार नेगी की अगुवाई में आरक्षी शमशेर सिंह, अंकुश रत्न, राजेश कुमार की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों के साथ संयुक्त रूप से मिलकर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग की लपटें इतनी भयानक थी कि आग बुझाना नामुमकिन हो गया।
प्रभावित परिवार को 20 हजार की फौरी राहत
वहीं सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय रिकांगपिओ, सांगला और जेएसडब्ल्यू से मौके पर अग्निशमन वाहन भी पहुंचे और आग को फैलने से बचाया। जब तक दमकल वाहन पहुंचे तब तक पूरा घर जलकर राख हो गया। हालांकि, अग्निशमन वाहनों ने आग पर काबू पाने में भरपूर सहयोग किया और साथ लगते नए मकान को आग की चपेट में आने से बचाया। वरना यह आग नए घर और आसपास के क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाती। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि इस अग्निकांड में किसी भी तरह के कोई जानी नुकसान की सूचना नही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह ने शुकवार को घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपये और एक तिरपाल दिया। उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उपायुक्त किन्नौर को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावितों को उचित मुआवजा मिल सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.