यह है सरकारी दफ्तरों की हकीकत: दफ्तर हैं, फरियादें हैं, नहीं है तो सिर्फ शिकायत पेटिका
अलीगढ़ विकास भवन में कहीं भी शिकायत पेटिका नहीं लगी है, जबकि यहां फरियादी बड़ी संख्या में आते हैं। बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, खराब ट्रांसफाॅर्मर और बिल संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए रोजाना उपभोक्ता बिजली निगम के कार्यालयों तक पहुंचते हैं, लेकिन यहां भी शिकायत पेटिका नजर नहीं आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोई सड़क की बदहाली से परेशान है तो कोई पानी की समस्या से। किसी को सरकारी दफ्तर में सुनवाई नहीं होने की शिकायत है तो किसी को रोडवेज बसों की व्यवस्था से नाराजगी। किसी को बिजली बिल में गड़बड़ी तो किसी को बिजली न आने की शिकायत है। ऐसे में अगर पीड़ित अपनी शिकायत लिखकर शिकायत पेटिका में डालना चाहे तो वह जाए कहां ?
अलीगढ़ नगर निगम, विकास भवन, रोडवेज और बिजली निगम के कार्यालय में संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने बृहस्पतिवार को पड़ताल की तो यहां शिकायत पेटिकाएं ही नहीं मिलीं। रेलवे और आरटीओ कार्यालय में शिकायत पेटिका तो है, लेकिन अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से इनमें कोई शिकायत नहीं आई है।
विकास भवन में फरियादी अधिक, व्यवस्था कम
विकास भवन में कहीं भी शिकायत पेटिका नहीं लगी है, जबकि यहां फरियादी बड़ी संख्या में आते हैं। हालांकि यहां स्वागत कक्ष जरूर बना है, लेकिन यहां शिकायत दर्ज कराने की बजाय बैठे कर्मचारी उन्हें संबंधित विभाग में फरियाद लगाने भेज देते हैं। सीडीओ योगेंद्र कुमार का कहना है कि पीड़ितों की सुनवाई के लिए सभी अधिकारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करते हैं। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी लोग शिकायत दर्ज कराते हैं, जिनका समय सीमा में निस्तारण कराया जाता है।
बिजली निगम के अफसरों ने भी बनाया बहाना
बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, खराब ट्रांसफाॅर्मर और बिल संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए रोजाना उपभोक्ता बिजली निगम के कार्यालयों तक पहुंचते हैं, लेकिन यहां भी शिकायत पेटिका नजर नहीं आई। मुख्य अभियंता अरविंद नायक का कहना है कि पीड़ित अपनी शिकायत लेकर कभी भी अधिकारियों से मिल सकते हैं। ऑनलाइन भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नगर निगम में भी नहीं दिखी पेटिका
नगर निगम में प्रतिदिन सफाई, पेयजल, सीवर, सड़क, स्ट्रीट लाइट और कर से जुड़ी शिकायतें लेकर लोग पहुंचते हैं। इसके बावजूद परिसर में शिकायत पेटिका नजर नहीं आई। नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा का कहना है कि नगर निगम में मुख्य गेट के पास ही एकल विंडो है। यहां कोई भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
रोडवेज दफ्तर में नहीं दिखी शिकायत पेटिका
रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों को बसों की देरी, सीट, परिचालक-चालक के व्यवहार और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें रहती हैं। लेकिन यहां भी शिकायत पेटिका नहीं मिली। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता अपनी शिकायत पटल पर अथवा मोबाइल फोन के जरिये दर्ज करा सकते हैं।