सीएम डैशबोर्ड: पिछड़ी योजनाओं पर मंडलायुक्त सख्त, मऊ-बलिया में जल जीवन मिशन का हाल खराब; अनुपस्थित रहे अफसर
सीएम डैशबोर्ड पर मंडल की पिछड़ी योजनाओं को लेकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी। मऊ-बलिया में जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष जताया। बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। गोशालाओं की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर मऊ के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से भी जवाब मांगा गया।
विस्तार
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग और ग्रेडिंग में पिछड़ रही योजनाओं पर मंडलायुक्त विवेक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मंडलायुक्त सभागार में समीक्षा बैठक में उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष तेजी से काम कराने और पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी। बिना सूचना बैठक से गायब अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
जननी सुरक्षा योजना में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, शत-प्रतिशत पात्रों की फैमिली आईडी बनाने और आईसीडीएस के निजी भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एसएनसीयू में बेड बढ़ाने और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पंजीकरण बढ़ाने को कहा। मऊ और बलिया में जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
तीनों जिलों के बीएसए और बीईओ को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर एमडीएम की मात्रा-गुणवत्ता, उपस्थिति और साफ-सफाई की जांच के निर्देश दिए। श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में बलिया की कम प्रगति पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने को कहा।
बिजली और पीएम किसान की पेंडेंसी खत्म करें
खराब ट्रांसफॉर्मरों की शिकायतें तुरंत निस्तारित करने, बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफॉर्मरों की तकनीकी जांच और क्षमता वृद्धि के निर्देश दिए। पीएम किसान की लंबित पत्रावलियां निस्तारित कर पेंडेंसी खत्म करने को कहा। आवास योजनाओं में पात्र आवेदन निरस्त होने पर पुन: सत्यापन कराने और स्वीकृति के नाम पर वसूली की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गोशालाओं की लापरवाही पर मऊ सीवीओ से स्पष्टीकरण
गोशालाओं में हरा चारा, भूसा और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा शत-प्रतिशत पशुओं की ईयर टैगिंग कराने के निर्देश दिए। पूर्व निर्देशों के बावजूद ट्रेंच बनाकर वृक्षारोपण में लापरवाही और ईयर टैगिंग अधूरी मिलने पर मऊ के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गोवंश का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने को कहा।
अवैध अस्पतालों पर चलेगा अभियान
तीनों जिलों के सीएमओ को अवैध चिकित्सकों, अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई और सील करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एंबुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम कम रखने पर भी जोर दिया। छात्रवृत्ति, पेंशन, बिजली, बागवानी, कृषि, सड़क, आवास, मनरेगा समेत अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने नियमित स्थलीय सत्यापन और अनुश्रवण के जरिए प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।