बरेली में डायवर्जन: भाजपा की पदयात्रा के चलते कल बंद रहेगा पुराना रोडवेज बस अड्डा, इन स्कूलों में छुट्टी
बरेली में भाजपा की पदयात्रा के चलते मंगलवार सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुराना रोडवेज बस अड्डा बंद रहेगा और बसें केवल सेटेलाइट बस अड्डे से चलेंगी। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि कई मार्गों पर हल्के वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। पदयात्रा मार्ग के कई स्कूलों में अवकाश रहेगा और कुछ में हाफ डे होगा।
विस्तार
बरेली में भाजपा की पदयात्रा के दौरान मंगलवार को सुबह सात बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों का पुराने बस अड्डे से संचालन नहीं होगा। बसें सिर्फ सेटेलाइट अड्डे से ही संचालित होंगी। कई रूटों पर छोटे वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने स्कूली बच्चों को समय से भेजने का भी अनुरोध किया है ताकि उनको जाम की वजह से समस्या न हो।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि परसाखेड़ा रोड नंबर एक, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्टनगर, रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से कोई भी भारी वाहन शहर की तरफ प्रवेश नहीं करेगा। इसके अलावा सलेक्शन पॉइंट, डेलापीर तिराहा, राजेंद्र नगर, श्यामगंज, सौ फुटा पूर्वी, सौ फुटा पश्चिमी, सूद धर्म कांटा, इज्जतनगर, संजयनगर आदि क्षेत्र में पड़ने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से ट्रैफिक पुलिस ने अनुरोध किया है कि छात्र-छात्राओं को समय से पूर्व स्कूल भेजें। ताकि जाम की समस्या का सामना न करना पड़े और लोग कार्यक्रम के दृष्टिगत वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
पदयात्रा रूट पर पड़ने वाले कई स्कूलों में अवकाश
भाजपा की पदयात्रा के रूट में पड़ने वाली कई स्कूलों में मंगलवार को अवकाश रहेगा। कुछ शिक्षण संस्थाओं में हाफ डे भी रहेगा। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। छात्र-छात्राओं की सुविधा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने अवकाश घोति किया है।
इस तरह रहेगी यातायात व्यवस्था
- दिल्ली व रामपुर की तरफ से आकर बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाईपास से बिलवा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी से दातागंज से देवचरा से भमोरा होते हुए जा और आ सकेंगे।
- नैनीताल, पीलीभीत रोड की तरफ से आकर बदायूं जाने वाले भारी वाहन बिलवा, विलयधाम, नवदिया झादा, फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी से दातागंज से देवचरा से भमोरा होते हुए जा व आ सकेंगे। दिल्ली व रामपुर की तरफ से आकर लखनऊ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से झुमका, बिलवा, विलयधाम, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी होकर जा सकेंगे।
- लखनऊ की तरफ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, रजऊ तिराहा होते हुए बड़ा बाइपास से जा सकेंगे। बदायूं की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहन भमोरा से देवचरा चौराहा से दातागंज, फतेहगंज पूर्वी से रजऊ तिराहा से ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे, जिन्हें दिल्ली जाना है, वह बड़ा बाइपास से जा सकेंगे।
- दिल्ली, रामपुर की तरफ से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा होते हुए विलयधाम से बैरियर-टू से सौ फुटा पूर्वी, सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक आएंगी और यहीं से जाएंगी।
- पीलीभीत की ओर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें विलयधाम, बैरियर-टू, सौ फुटा पूर्वी सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक आएंगी और जाएंगी।
- बरेली से बदायूं की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें सेटेलाइट बस अड्डा से ईसाइयों की पुलिया, बियावान कोठी से अक्षर विहार तिराहा, नटराज तिराहा से बुखारा मोड़, रामगंगा, देवचरा चौराहा होते हुए जा और आ सकेंगी।
- शाहजहांपुर व लखनऊ की तरफ से बरेली आने वाली रोडवेज बसें रजऊ तिराहा होते हुए सेटेलाइट बस अड्डा तक आ और जा सकेंगी।