बरेली: वारंटियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, आरोपियों ने वर्दी फाड़ी, दरोगा और सिपाही घायल
बरेली में शुक्रवार की शाम सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव में वारंटियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। हमलावरों ने एक वारंटी को छुड़ा लिया और दरोगा व सिपाही को घायल कर दिया। दरोगा की तहरीर पर 12 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
विस्तार
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में वारंटियों को पकड़ने के लिए तिलियापुर गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। हमलावरों ने पकड़े गए एक वारंटी को छुड़ा लिया। सिपाही की वर्दी फाड़ दी। बिल्ले नोचे, जबकि दरोगा की पिस्टल छीनने को कोशिश की। हमले में दरोगा व सिपाही घायल हो गए। दोनों ने भाग कर जान बचाई। बाद में सूचना पर थाने से पहुंची फोर्स ने हमलावरों को खदेड़ कर एक वारंटी को पकड़ लिया। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम थाने के दरोगा पवन शर्मा, कांस्टेबल अरविंद कुमार, अंजलि, सचिन धामा, संजय कुमार आदि टीम के साथ तिलियापुर गांव में वारंटी भोला और लईक को पकड़ने गई थी। लईक को पकड़ लिया। इसी दौरान गांव की कुछ महिलाओं ने पुरुषों को बुला लिया। उन्होंने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और लईक को पुलिस से छुड़ा लिया।
यह भी पढ़ें- बरेली: कूटरचित दस्तावेजों के जरिए लिया 50.50 लाख रुपये का लोन, दो साल बाद दो आरोपी गिरफ्तार
दरोगा से पिस्टल छीनने की कोशिश
थाना प्रभारी के मुताबिक, दरोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश की गई। सिपाही अरविंद की वर्दी फाड़ दी। नेम प्लेट व बिल्ले नोच डाले। हमले में दरोगा व सिपाही घायल हो गए। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और हमलावरों को खदेड़ कर अन्य पुलिस कर्मियों को उनके चंगुल से छुड़ाया। बाद में पुलिस ने लईक को पकड़ लिया।
दरोगा पवन शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने भोला, लईक पुत्रगण शर्फुद्दीन उर्फ सिपइया, नेहा पत्नी भोला, कुबरा पत्नी लईक, आदिल पुत्र नन्हे टेलर, शरमीम पत्नी नन्हे टेलर, तोहिद पुत्र लईक, शाबीर पुत्र मुंशी , जाहिद पुत्र शाबीर, राशिद पुत्र जाहिद, शाहिद पुत्र शाबीर, निवासी गढ़ तिलियापुर सीबीगंज व इमरान पुत्र अनीश निवासी मीरापुर फतेहगंज पश्चिमी व कुछ अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया। अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।