बरेली में हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, सब्जी व्यापारी की मौत
बरेली के सिरौली क्षेत्र में आंवला मार्ग पर बुधवार सुबह हादसा हो गया। गांव संग्रामपुर के पास डंपर से ई-रिक्शा को टक्कर लग गई। इससे ई-रिक्शा सवार सब्जी व्यापारी की मौत हो गई।
विस्तार
बरेली के सिरौली क्षेत्र में आंवला मार्ग पर बुधवार सुबह एक डंपर से ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर लग गई, जिससे ई-रिक्शा में सवार एक सब्जी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेज दिया।
सिरौली के मोहल्ला घेर निवासी 60 वर्षीय बन्ने शाह बाजारों में सब्जी बेचने का काम करते थे। सुबह छह बजे वह अपनी ई-रिक्शा से सब्जियां खरीदने आंवला मंडी जा रहे थे। आंवला रोड पर गांव संग्रामपुर के पास आंवला की तरफ से आ रहे एक बेकाबू डंपर से उनके रिक्शा को टक्कर लग गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बन्ने शाह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने सिरौली थाना प्रभारी को सूचना दी। सिरौली इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव का पंचनामा भरा। इस दौरान मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
डंपर चालक की तलाश
घटना के बाद डंपर चालक तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।