यूपी में रफ्तार का कहर: दिल्ली की राह में मौत ने रोका परिवार, रोडवेज बस की टक्कर से दंपती की मौत; भाई गंभीर
दंपती के शवों को देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के विलाप को देख जिला चिकित्सालय में मौजूद लोगों की आंख भी नम हो गई। बताया कि असलम की करीब ढाई साल पहले शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर जनपद संभल के गांव धनारी तहसील गुन्नौर निवासी बाइक सवार दंपती और उनके भाई को थाना सलेमपुर क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर गांव चित्सौन के पास कौशांबी डिपो की रोडवेज ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपती की मौत हो गई। घायल भाई का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया। हादसे की जानकारी होने पर जिला चिकित्सालय पहुंचे परिजन दंपती के शवों को देखते ही बिलख उठे। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दंपती भाई के साथ गांव से बाइक से दिल्ली जा रहे थे।
दिल्ली में कारपेंटर का काम करता था असलम
गांव धनारी, तहसील गुन्नौर जनपद संभल निवासी गुलाम मोहम्मद ने बताया कि उनका भतीजा असलम 32 वर्ष दिल्ली में कारपेंटर का कार्य करते थे। परिवार के साथ दिल्ली की खोड़ा कॉलोनी में रहते थे। परिवार के लोगों से मिलने के लिए वह घर आए थे। शुक्रवार की रात में असलम पत्नी हीना (24 वर्ष) और छोटे भाई राजू (15 वर्ष) के साथ बाइक से खोड़ा जा रहे थे। रात करीब दस बजे मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर चित्सौन के पास सामने से आ रहे रोडवेज के चालाक ने तेजी और लापरवाही के साथ बस को चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
परिवार में मातम
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दंपती असलम और हीना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजू की हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया कि राजू का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। दंपती की हादसे में मौत होने और भाई के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर उनके परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे।
असलम की ढाई साल पहले हुई थी शादी
दंपती के शवों को देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के विलाप को देख जिला चिकित्सालय में मौजूद लोगों की आंख भी नम हो गई। बताया कि असलम की करीब ढाई साल पहले शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है। ग्रामीण शकील, गुलफाम आदि ने बताया कि असलम के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। परिजनों और ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता दिलाने की भी मांग की।
परिवार के इकलौते कमाने वाले असलम
मृतक असलम के चाचा गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम के पिता की 10 वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। असलम परिवार में सबसे बड़े थे। उनसे छोटी बहन चांदनी (20 वर्ष), भाई राजू (15 वर्ष), बहन रूकसाना (12 वर्ष) है। पिता की मौत के बाद परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी असलम पर आ गई थी। वह दिल्ली में कार्य कर परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। अब असलम की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। असलम हादसे में असमय मौत से जहां परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, अब उनकी गुजर-बसर को लेकर भी परिवार और गांव के लोग चिंतित हैं। हादसे को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है।
दो माह बाद थी बहन की शादी
गुलाम मोहम्मद ने बताया कि असलम ने बहन चांदनी का रिश्ता गांव सैदवा जनपद संभल में तय कर दिया था। दो माह बाद बहन चांदनी की शादी थी। घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। बताया कि असलम बहन की शादी धूमधाम के साथ करना चाहते थे। जिसको लेकर वह दिन रात मेहनत कर रहे थे। अब हादसे में अचानक असलम की मौत से बहन की शादी कैसी होगी, इसको लेकर भी परिवार के लोगों को चिंता है। एक हादसे ने परिवार की खुशियों में ग्रहण लगा दिया है। जिस घर में शादी को लेकर तैयारी चल रही थी, आज उस घर में मौत का मातम है।
पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। रोडवेज को कब्जे में लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
-शोभित कुमार, सीओ खुर्जा