यह कैसा 21 अक्तूबर का दुखदाई संयोग: युवती ने गंगनहर में लगाई छलांग, मौत; इसी दिन पिछले साल गई थी भाई की जान
सिंभावली फरीदपुर की 19 वर्षीय पलक की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। एक साल पहले उसके भाई अंकित ने भी आत्महत्या की थी। परिवार में यह इस तरह की दूसरी घटना है।
विस्तार
हापुड़े के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सिंभावली फरीदपुर निवासी 19 वर्षीय पलक पुत्री सतेंद्र की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह घर से नाराज होकर स्कूटी लेकर निकली युवती ने गंगनहर में छलांग लगाई थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद युवती का शव नहर से बरामद कर लिया गया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना ने परिवार के पुराने जख्म भी ताजा कर दिए, क्योंकि ठीक एक साल पहले युवती के भाई ने भी आत्महत्या कर ली थी।
गांव फरीदपुर निवासी सतेंद्र ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी पलक बुधवार सुबह स्कूटी लेकर घर से निकली थी। वह किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर गई थी। इसके बाद उसके गंगनहर में छलांग लगाने की बात सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से उसकी तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद उसका शव नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। एक साल पहले 21 अक्तूबर को पलक के भाई अंकित ने भी आत्महत्या कर ली थी। अब बेटी की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के दोनों बच्चों की मौत के बाद घर में माता-पिता अकेले रह गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों ने बताया कि पलक बीए प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रही थी।
एक साल पहले भाई अंकित ने की थी आत्महत्या
फरीदपुर निवासी पलक के परिवार में एक साल पहले भी ऐसी ही दुखद घटना हुई थी। 21 अक्तूबर को उसके भाई अंकित ने आत्महत्या कर ली थी। उस सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटी पलक की मौत ने माता-पिता को फिर गहरे दुख में डाल दिया। दोनों बच्चों को खोने के बाद किसान सतेंद्र और उनकी पत्नी घर में अकेले रह गए हैं।
बोले अधिकारी
प्रारंभिक जांच में पलक घर से नाराज होकर मध्य गंग नहर खुडलिया के पास पहुंची थी, जिसने अचानक छलांग लगाकर आत्म हत्या कर ली। संबंधित मामले में गंभीरता से जांच कराई जा रही है। - राहुल यादव, सीओ