चंदपा: आदतों से परेशान होकर बच्चों को लेकर मायके गई पत्नी, पति ने पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर दी जान
सोनम पति के शराब पीने की लत से परेशान थी। इस कारण घर में कलह होती थी। करीब एक साल पहले वह पति को छोड़कर दोनों बच्चे 12 साल की बेटी व पांच साल के बेटे के साथ मायके चली गई थी। सुरेश ने कई बार उसे बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं आई।
विस्तार
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव पट्टी सावंत में शराब के नशे में 32 वर्षीय सुरेश ने रविवार रात कमरे में पंखे पर फंदे से लटककर जान दे दी। सोमवार सुबह शव मिलने से परिवार में खलबली मच गई। पिछले एक साल से पारिवारिक विवाद के कारण मृतक की पत्नी बच्चों को लेकर मायके में रह रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पट्टी सावंत निवासी सुरेश चंदपा क्षेत्र के ही एक कोल्ड स्टोर पर मजदूरी करता था। वह छह भाइयों में पांचवें नंबर का था, लेकिन परिवार से अलग रहता था। छोटे भाई सोनू ने बताया कि सुरेश ने दो दिन पहले ही अपना मोबाइल फोन बेच दिया था। रविवार की शाम सुरेश अपने भाई सोनू की बाइक लेकर बाजार गया था। रविवार की शाम करीब 7:30 बजे गांव का ही एक युवक उसे मीतई के एक अन्य युवक के साथ घर छोड़ने आया था।
परिजनों के मुताबिक, उस वक्त सुरेश अत्यधिक नशे में था और अपनी मोटरसाइकिल रास्ते में कहीं छोड़ आया था, जो काफी तलाशने पर भी नहीं मिली। रात के समय वह शराब के नशे में अपने कमरे में सोने चला गया और देर रात पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो सुरेश का शव फंदे पर लटका था।
मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।-योगेंद्रकृष्ण नारायण, सीओ सादाबाद
मायके में रह रही पत्नी
सुरेश की शादी नौ मार्च 2013 को शहर के मोहल्ला रमनपुर निवासी सोनम के साथ हुई थी। पुलिस के अनुसार सोनम पति के शराब पीने की लत से परेशान थी। इस कारण घर में कलह होती थी। करीब एक साल पहले वह पति को छोड़कर दोनों बच्चे 12 साल की बेटी व पांच साल के बेटे के साथ मायके चली गई थी। सुरेश ने कई बार उसे बुलाने का प्रयास किया, लेकिन पति की आदतों से परेशान होने के कारण वह नहीं आयी।