मेरठ: थप्पड़ कांड के बाद फिर घिरे SSP, सपा नेता बोले-चैंबर में लात-घूंसों से पीटा, अखिलेश ने उठाई जांच की मांग
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय पर सपा नेता दिग्विजय भाटी ने मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। भाटी ने चैंबर और एसओजी कार्यालय में पिटाई का दावा किया। अखिलेश यादव ने मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध और उससे जुड़े थप्पड़ कांड के बाद एसएसपी अविनाश पांडेय एक बार फिर विवादों में हैं। सपा नेता दिग्विजय भाटी ने एसएसपी और इंस्पेक्टर अखिलेश गौर पर अपने साथ मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाटी का दावा है कि एसएसपी के चैंबर में उन्हें लात-घूंसों और जूतों से पीटा गया और बाद में एसओजी कार्यालय ले जाकर भी डंडों से मारपीट की गई। इस मामले को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूरे प्रकरण की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी के चैंबर में पीटने का लगाया आरोप
दिग्विजय भाटी के मुताबिक, ललिता गौतम हत्याकांड में विरोध करने के कारण उन्हें जेल भेजा गया था। इसी मामले के सिलसिले में वह एसएसपी से बातचीत करने गए थे। भाटी का आरोप है कि बातचीत के दौरान एसएसपी ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने अपने चैंबर में लात-घूंसों और जूतों से मारपीट की।
एसओजी कार्यालय में भी पिटाई का दावा
दिग्विजय भाटी का आरोप है कि इसके बाद उन्हें एसओजी कार्यालय ले जाया गया। वहां उनके हाथ-पैर बांधकर डंडों से पीटा गया। भाटी ने पूरे मामले को पुलिस की ज्यादती बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
थप्पड़ कांड के बाद फिर चर्चा में आए अविनाश पांडेय
एसएसपी अविनाश पांडेय पहले ही ललिता गौतम प्रकरण में हुए थप्पड़ कांड को लेकर चर्चा में आ चुके हैं। आठ जुलाई को कलक्ट्रेट गेट पर ललिता गौतम के परिजनों और दलित समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
इसी दौरान पुलिस कार्रवाई के बीच एसएसपी के बंदी वाहन में जाकर प्रदर्शनकारी रवि गौतम को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया था। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला काफी चर्चित हुआ था।
अखिलेश यादव ने पोस्ट कर सरकार पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिग्विजय भाटी से जुड़े मामले को लेकर सामाजिक माध्यम पर पोस्ट किया। उन्होंने किसानों और किसान नेताओं के साथ कथित पुलिस ज्यादती का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की जांच की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त सजा और बर्खास्तगी की कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय बताते हुए सरकार पर भी निशाना साधा।
किसान का अपमान, देश का अपमान है!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 21, 2026
भाजपा ने किसान के मुँह पर लात मरवाकर पूरे देश के किसानों को धमकाने का जो कुकृत्य किया है वो अक्षम्य है।
उप्र की भाजपा सरकार द्वारा किसान नेताओं पर थाने में थर्ड डिग्री की मार-पीट करके प्रताड़ना देना दर्शाता है कि हार के डर से वो कितनी बौखलाई… pic.twitter.com/J7GVQprUDE
ललिता गौतम मामले से जुड़ा है पूरा विवाद
रोहटा क्षेत्र में दलित छात्रा ललिता गौतम का शव मिलने के बाद परिजनों और दलित समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन किया था। इसी विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था। थप्पड़ कांड के बाद अब दिग्विजय भाटी के आरोपों ने मामले को फिर राजनीतिक चर्चा में ला दिया है।
अब एसएसपी अविनाश पांडेय का तबादला भी चर्चा में
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय का तबादला कर उन्हें डीजीपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। अविनाश पांडेय के तबादले के बाद दिग्विजय भाटी के आरोप और थप्पड़ कांड एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।