एयर शो: पांच किमी के दायरे में नहीं होगी पतंगबाजी, तीन दिन पहले से 3 दिन बाद तक घाट किनारे होगी निगरानी; अलर्ट
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर घाट किनारे पांच किलोमीटर के दायरे में पतंगबाजी पर रोक लग सकती है। नाव संचालन पर भी फैसला होगा। 350 से अधिक मांस-मछली की दुकानों की जांच हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने 250 बेड आरक्षित कराए हैं।
विस्तार
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विमानों के करतब के दौरान किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए घाट किनारे पांच किलोमीटर के दायरे में पतंगबाजी पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी है। एयर शो से तीन दिन पहले से लेकर तीन दिन बाद तक पतंग उड़ाने पर रोक लग सकती है। घाटों के आसपास पतंग की दुकानों को भी बंद कराया जा सकता है। वहीं, नावों का संचालन एक सप्ताह तक रोकने पर भी विचार किया जा रहा है।
शुक्रवार को एयरफोर्स और प्रशासन के बीच होने वाली बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। एयर शो में करीब 100 लड़ाकू विमान आसमान में करतब दिखाएंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। नावों का संचालन कब से बंद किया जाएगा, इस पर भी बैठक में फैसला होने की संभावना है।
350 दुकानों की जांच में लगे 30 कर्मचारी
एयर शो के दौरान मांस-मछली की दुकानों पर भी नजर रखी जाएगी। 350 से अधिक दुकानों की जांच के लिए 30 कर्मचारियों को लगाया गया है। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि नमो घाट के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में जांच की जा रही है। इस संबंध में चंदौली नगर पालिका के अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। शिकायत दर्ज कराने के लिए नगर निगम की ओर से हेल्पलाइन नंबर 1533 जारी किया गया है।
100 डॉक्टर संभालेंगे कमान, 250 बेड आरक्षित
एयर शो के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह के अनुसार, बीएचयू अस्पताल सहित अन्य सरकारी और 15 निजी अस्पतालों में कुल 250 बेड आरक्षित कराए गए हैं।
वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, मऊ, जौनपुर और आजमगढ़ समेत 10 जिलों से 100 से अधिक डॉक्टर और 200 पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। ये स्वास्थ्यकर्मी अस्पतालों, इमरजेंसी रूम और घाटों पर बनाए जाने वाले अस्थायी अस्पतालों में सेवाएं देंगे। प्रशासन का जोर एयर शो के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के बीच सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित बनाए रखने पर है।