एक पेड़ मां के नाम: काशी में मुफ्त मिलेगा पौधा और ट्री-गार्ड, घर आकर रोपेगी नगर निगम की टीम; जानें डिटेल
काशी को ‘आनंद-कानन’ के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम नागरिकों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। महापौर अशोक तिवारी ने बताया कि इस वर्ष 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है। ‘स्मार्ट काशी ऐप’ से पौधे की मांग की जा सकेगी। निगम पौधारोपण, ट्री-गार्ड और देखभाल की व्यवस्था भी करेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशी को उसके प्राचीन स्वरूप ‘आनंद-कानन’ के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम ने हरित क्षेत्र बढ़ाने की मुहिम तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत निगम शहरवासियों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। पौधा लगाने के इच्छुक नागरिक महापौर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि कॉलोनी, मोहल्ले, पार्क या घर में पौधा लगाने के इच्छुक किसी भी नागरिक को निगम की ओर से पौधा और ट्री-गार्ड दिया जाएगा। एक पौधे और ट्री-गार्ड पर करीब 2,740 रुपये का खर्च निगम स्वयं वहन करेगा। निगम की टीम पौधा लगाने के साथ ट्री-गार्ड स्थापित करेगी और गड्ढा खोदने की व्यवस्था भी करेगी। पौधे की नियमित देखभाल के लिए ‘पालक’ का नाम भी दर्ज किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि पिछले वर्षों में चलाए गए पौधारोपण अभियानों के बेहतर परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में लगाए गए आठ हजार पौधों में 5,543 पौधे जीवित हैं। वहीं, वर्ष 2025-26 में रोपे गए 20 हजार पौधों में से 19,269 पौधे सुरक्षित हैं। इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।
विधानसभा क्षेत्रवार लगाए गए पौधों में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र 10,305 पौधों के साथ सबसे आगे है। रोहनिया में 6,713, कैंट में 6,236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4,746 पौधे ट्री-गार्ड के साथ लगाए जा चुके हैं।
उपवन योजना के तहत सारंग तालाब भीटा पर 35 हजार और कंचनपुर अखाड़ा पार्क में 15 हजार पौधे लगाए गए हैं। नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25 हजार ट्री-गार्ड लगाने और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए 1.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
महापौर ने बताया कि एक मार्च को सूजाबाद-डोमरी में गंगा किनारे एक घंटे में 2,51,446 पौधे लगाए गए थे, जिससे उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नागरिक ‘स्मार्ट काशी ऐप’ के जरिये भी पौधे की मांग कर सकते हैं। ऐप पर वार्ड संख्या, मोहल्ला या कॉलोनी, मकान नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद निगम कर्मी संबंधित स्थान पर पहुंचकर पौधा लगाएंगे। निगम की ओर से मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसे पारंपरिक व छायादार पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।