कबूतर पालने वाले के घर छापा: दो बंदूकें बरामद, अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; लोहे की जालियां जब्त
वाराणसी में एयर शो से पहले नो बर्ड जोन में कबूतर पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जेरगुल्लर में तीन मंजिला भवन पर छापा मारकर कबूतर और लोहे की जालियां जब्त की गईं। मौके से दो बंदूकें भी बरामद हुईं। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एयर शो के मद्देनजर पक्षियों की उड़ान रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
विस्तार
एयर शो के मद्देनजर नमो घाट के आसपास 20 किलोमीटर के दायरे में बनाए गए नो बर्ड जोन में कबूतर पालने के मामले में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। चौहट्टा लाल खां स्थित जेरगुल्लर मोहल्ले में अतहर जावेद उर्फ रैनी के तीन मंजिला भवन पर नगर निगम, आदमपुर पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान भवन में कबूतर पालने के लिए लगाई गई लोहे की जालियां काटकर जब्त कर ली गईं। वहीं, जांच में शो-बॉक्स से दो बंदूकें (आर्टिफिशियल नकली बंदूक) बरामद हुईं, जिन्हें आदमपुर पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं भवन में 100 से अधिक चूहे और भारी गंदगी मिलने पर साफ-सफाई कराने के साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया गया।
इलाके में हड़कंप
आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और बर्ड हिट की आशंका रोकने के लिए कबूतरों को उड़ाने पर प्रतिबंध है। इधर, भारी संख्या में कबूतर पालने और उन्हें छत से उड़ाने की सूचना पर जिला पशु चिकित्सा अधिकारी विजय अमृत राज के नेतृत्व में प्रवर्तन दल, आदमपुर पुलिस और वीडीए की टीम ने जेरगूलर इलाके में अतहर जमाल उर्फ रैनी के घर पर मंगलवार दोपहर छापा मारा।
भवन के सभी तलों पर कबूतर पालने और रखने के लिए लगाई गई लोहे की जालियों को ग्राइंडर मशीन से काटकर हटाया गया। मौके से कबूतरों और उन्हें रखने में इस्तेमाल होने वाली जालियों को जब्त किया गया।
मामले में जिला पशु चिकित्सा अधिकारी की तहरीर पर आदमपुर थाने में आरोपी अतहर जावेद उर्फ रैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान रैनी के घर से दो आर्टिफिशियल बंदूकें भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि कबूतरों को पालने और भवन में मिली अन्य अनियमितताओं के संबंध में भी संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
एक महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई
जिला पशु चिकित्सा अधिकारी विजय अमृत राज के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी जेरगूलर निवासी रैनी के भवन पर छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में कबूतर और विदेशी बिल्ली समेत अन्य जानवर मिले थे। इसके बावजूद भवन में कबूतर पाले जाने की सूचना पर दोबारा कार्रवाई की गई। एयर शो को देखते हुए नो बर्ड जोन में कबूतर उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और इस संबंध में कबूतर पालने वालों को पहले ही नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी।