{"_id":"6ad21fb87a0ae83a830960eb","slug":"three-injured-as-car-falls-into-deep-ditch-in-nainital-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"नैनीताल: अनियंत्रित कार 50 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन पर्यटक घायल; गाड़ी पेड़ पर अटकी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नैनीताल: अनियंत्रित कार 50 मीटर गहरी खाई में गिरी, तीन पर्यटक घायल; गाड़ी पेड़ पर अटकी
Fri, 16 Oct 2026 06:29 PM IST
Heera
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
Published by: Heera
Updated Fri, 16 Oct 2026 06:29 PM IST
नैनीताल जिले के पंगोट-घुघूखाम रोड पर शुक्रवार सुबह पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन पर्यटक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विज्ञापन
नैनीताल में सड़क हादसा
विस्तार
नैनीताल जिले के पंगोट-घुघूखाम रोड पर शुक्रवार सुबह नोएडा के पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन पर्यटक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गनीमत रही कि कार खाई में एक पेड़ पर अटक गई। हालांकि, एक पर्यटक कार से छिटककर नीचे खाई में जा गिरा।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी शैलांश वर्मा (30) शुक्रवार सुबह अपने तीन दोस्तों रोहित सिंह (26), शशांक त्रिपाठी (30) और सूर्यप्रताप सिंह (31) के साथ कार संख्या यूपी 16 ईयू 6367 से घुघूखाम जा रहे थे। होटल से करीब 100 मीटर पहले अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। कार को गिरता देख आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना पर कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत कांस्टेबल शाहिद और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि कार चला रहे शैलांश वर्मा को चोट नहीं आई है, जबकि तीन अन्य पर्यटकों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। बीडी पांडे अस्पताल में तैनात डॉ. अनिरुद्ध गंगोला ने बताया कि सूर्यप्रताप सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, जिसको उपचार के लिए भर्ती किया गया है। जबकि रोहित सिंह और शशांक त्रिपाठी को अपेक्षाकृत कम चोटें लगी हैं। उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन