दिनेशपुर में पुलिस-एसओजी की मुठभेड़: दो असलहा तस्कर गिरफ्तार, आठ तमंचे बरामद; एक के पैर में लगी गोली
रुद्रपुर में एसओजी और दिनेशपुर पुलिस की मुठभेड़ में दो असलहा तस्कर गिरफ्तार हुए, एक के पैर में गोली लगी। उनके पास से आठ तमंचे, आठ जिंदा व चार खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश से अवैध असलहों की खेप लेकर ऊधम सिंह नगर में प्रवेश कर रहे दो आरोपियों को एसओजी और दिनेशपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार तड़के महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को दबोचकर उनके कब्जे से आठ अवैध तमंचे, आठ जिंदा और चार खोखा कारतूस बरामद किए। एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई।
एसएसपी अजय गणपति ने खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार मनोज कुमार और अनमोल यादव रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बदायूं के बिसौली निवासी महावीर से तमंचे पांच हजार रुपये प्रति तमंचे की दर से खरीदकर आठ हजार रुपये में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों के तार रुद्रपुर निवासी बंटी कोली से भी जुड़े हैं।
मनोज पहले जेल जा चुका है, जबकि अनमोल के खिलाफ वर्ष 2023 में हत्या के मामले में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब असलहों की सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।