फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Car salesman turns out to be Belgian prince Royal family secret revealed after 26 years DNA match confirmed

कार सेल्समैन निकला बेल्जियम का राजकुमार: 26 साल बाद सामने आया शाही परिवार का राज, DNA हुआ मैच

Fri, 21 Aug 2026 01:03 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: प्रशांत तिवारी Updated Fri, 21 Aug 2026 01:03 PM IST
सार
Register For Event

बेल्जियम के एक कार सेल्समैन की जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल गई, जब उसे पता चला कि वह देश के शाही परिवार का सदस्य है। 26 वर्षीय क्लेमेंट वैंडेनकेर्कहोव को प्रिंस लॉरेंट ने औपचारिक रूप से अपना बेटा स्वीकार कर लिया है। लॉरेंट, बेल्जियम के राजा फिलिप के छोटे भाई हैं। इसके साथ ही क्लेमेंट को राजकुमार का दर्जा मिल गया है।

विज्ञापन
Car salesman turns out to be Belgian prince Royal family secret revealed after 26 years DNA match confirmed
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

बेल्जियम के एक 26 वर्षीय कार सेल्समैन क्लेमेंट वैंडेनकेर्कहोव की जिंदगी उस समय बदल गई, जब प्रिंस लॉरेंट ने डीएनए जांच के बाद उन्हें अपना जैविक और कानूनी बेटा स्वीकार कर लिया। वैंडेनकेर्कहोव, जो बेल्जियम के राजा फिलिप के भतीजे हैं, अब राजकुमार कहलाएंगे और लॉरेंट की निजी संपत्ति में अपने सौतेले भाई-बहनों के बराबर उत्तराधिकार अधिकार रखेंगे। हालांकि उन्हें शाही भत्ता, आधिकारिक जिम्मेदारी या सिंहासन के उत्तराधिकार का अधिकार नहीं मिलेगा। उनकी कहानी लॉरेंट के पिता, पूर्व राजा अल्बर्ट द्वितीय के पुराने पितृत्व विवाद से भी जुड़ती है।

विज्ञापन


छह महीने पहले हुई थी गुपचुप रस्म
द टेलीग्राफ की बुधवार की रिपोर्ट के मुताबिक, 63 वर्षीय प्रिंस लॉरेंट ने करीब छह महीने पहले एक छोटे से टाउन हॉल में हुई शांत और निजी रस्म के दौरान वैंडेनकेर्कहोव को कानूनी रूप से अपना बेटा और उत्तराधिकारी मान लिया था। इस घटनाक्रम की जानकारी अब सामने आई है। इस कानूनी मान्यता के बाद वैंडेनकेर्कहोव को लॉरेंट की निजी संपत्ति में अपनी सौतेली बहन प्रिंसेस लुईस (20) और सौतेले भाइयों प्रिंस निकोलस (20) तथा प्रिंस आयमेरिक (19) के बराबर विरासत का अधिकार मिल गया है।
विज्ञापन


राजकुमार बने, लेकिन शाही सुविधाएं नहीं मिलेंगी
हालांकि वैंडेनकेर्कहोव के नाम के आगे अब राजकुमार का दर्जा जुड़ गया है, लेकिन उन्हें शाही भत्ता नहीं मिलेगा। वह आधिकारिक शाही जिम्मेदारियां भी नहीं निभाएंगे और बेल्जियम के सिंहासन पर उत्तराधिकार का कोई अधिकार भी उन्हें हासिल नहीं हुआ है। वैंडेनकेर्कहोव ने अभी यह तय नहीं किया है कि वह सैक्से-कोबर्ग परिवार का उपनाम अपनाएंगे या नहीं। उन्होंने हाल ही में बेल्जियम के अखबार हेट नीउव्सब्लाद से कहा,'मैं ऐसा करना चाह सकता हूं, लेकिन मुझे अपने वैंडेनकेर्कहोव नाम पर गर्व है।' उन्होंने आगे कहा, 'अगर मैं इस पारिवारिक नाम को छोड़ देता हूं, तो यह मेरी मां ने मेरे लिए जो कुछ किया है, उसके साथ विश्वासघात होगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन


16 साल की उम्र में पता चला पिता का सच
वैंडेनकेर्कहोव के जन्म का सच कई वर्षों तक एक राज की तरह दबा रहा। पिछले सितंबर में बेल्जियम के टीवी नेटवर्क VTM पर प्रसारित एक डॉक्यूमेंट्री में उन्होंने सार्वजनिक रूप से पुष्टि की कि प्रिंस लॉरेंट उनके जैविक पिता हैं। वैंडेनकेर्कहोव का जन्म अगस्त 2000 में बेल्जियम की गायिका और सोशलाइट वेंडी वैन वांटन के घर हुआ था। उनका असली नाम आइरिस वैंडेनकेर्कहोव है।

मां और प्रिंस लॉरेंट का था चर्चित रिश्ता
वेंडी वैन वांटन और लॉरेंट का 1990 के दशक में चर्चित रिश्ता रहा था। दोनों की मुलाकात पेरिस में एक फैशन शो के दौरान हुई थी। इसके बाद लॉरेंट ने 2003 में प्रिंसेस क्लेयर से शादी कर ली। वैंडेनकेर्कहोव ने डॉक्यूमेंट्री में बताया कि उनकी मां ने उन्हें 16 साल की उम्र में पहली बार बताया था कि लॉरेंट ही उनके जैविक पिता हैं।

चार साल बाद खुद पिता को किया फोन
सच्चाई जानने के करीब चार साल बाद वैंडेनकेर्कहोव ने हिम्मत जुटाकर लॉरेंट को फोन किया। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आखिरकार उन्होंने डीएनए टेस्ट कराया। जांच में दोनों के बीच 99.5 प्रतिशत जैविक मेल पाया गया। VTM से बातचीत में वैंडेनकेर्कहोव ने उस पल को याद करते हुए कहा,'हम साथ में अस्पताल गए थे और मुझे याद है कि उन्होंने कहा था कि मैं पहले टेस्ट कराता हूं, ताकि तुम्हें सहज महसूस हो। इसके बाद लॉरेंट ने भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि वैंडेनकेर्कहोव उनके जैविक बेटे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच पिछले कुछ वर्षों से निजी तौर पर बातचीत होती रही है।

2013 में अनजाने में आमना-सामना
इस कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि वैंडेनकेर्कहोव 2013 में एक शॉपिंग सेंटर में लॉरेंट से मिल चुके थे। उस समय उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि सामने खड़ा व्यक्ति उनका जैविक पिता है।

राजकुमार बनने से पहले बेचते थे कारें
शाही परिवार से रिश्ता सामने आने से पहले वैंडेनकेर्कहोव की जिंदगी बिल्कुल आम थी। हेट नीउव्सब्लाद के अनुसार, वह डेनाइज़ स्थित एक ओपल डीलरशिप में कार सेल्समैन के तौर पर काम करते थे। उन्होंने ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की है और तेज रफ्तार कारों तथा घोड़ों के शौकीन हैं। कुछ ही समय में उनकी जिंदगी कारों की बिक्री से निकलकर बेल्जियम के शाही परिवार तक पहुंच गई।


ये भी पढ़ें: समंदर में फिर दहशत: यमन-सोमालिया के पास दो जहाज हाईजैक; लुटेरों के कब्जे में 22 भारतीय समेत 30 क्रू मेंबर

पिता की कहानी से भी जुड़ा है पुराना राज
वैंडेनकेर्कहोव की कहानी बेल्जियम के शाही परिवार में छिपे एक पुराने पारिवारिक रहस्य की याद भी दिलाती है। उनके पिता प्रिंस लॉरेंट के अपने पिता और पूर्व राजा अल्बर्ट द्वितीय (92) को भी वर्षों तक पितृत्व के एक मामले में कानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ा था। अल्बर्ट द्वितीय ने आखिरकार 2020 में स्वीकार किया कि विवाहेतर संबंध से उनकी एक बेटी हुई थी। वह बेटी डेल्फीन बोएल हैं, जो अब 58 वर्ष की हैं। डेल्फीन बोएल ने अपने कानूनी अधिकारों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और अंततः उन्हें राजकुमारी का दर्जा दिया गया। अब वह डेल्फीन डी सैक्से-कोबर्ग नाम का इस्तेमाल करती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed