फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world updates 21st august us iran tensions west asia crisis hormuz russia ukarine war

World Updates: अमेरिका ने 67 जहाजों का रास्ता बदला, तीन निष्क्रिय किए; पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप

Fri, 21 Aug 2026 03:11 AM IST
हिमांशु सिंह चंदेल वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 21 Aug 2026 03:11 AM IST
विज्ञापन
world updates 21st august us iran tensions west asia crisis hormuz russia ukarine war
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने बताया कि 20 अगस्त तक अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ नाकाबंदी लागू करते हुए 67 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदल दिया। तीन जहाजों को रोक दिया गया और दो अन्य जहाजों पर सवार होकर जांच की गई। यह कार्रवाई अरब सागर में अमेरिकी नौसैनिक अभियान के तहत की जा रही है। अमेरिका का कहना है कि इन कार्रवाइयों का मकसद ईरान पर लगाई गई नाकाबंदी के नियमों का पालन कराना है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के एमवी-22बी ऑस्प्रे विमान यूएसएस बॉक्सर से अभियान में काम कर रहे हैं। सेंटकॉम के मुताबिक अमेरिकी बल वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं और नियमों का पालन नहीं करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। अगस्त की शुरुआत में भी अमेरिका ने इसी अभियान के तहत दर्जनों जहाजों का रास्ता बदलने की जानकारी दी थी।

विज्ञापन

होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने का असर अमेरिका और ईरान तक सीमित नहीं रहेगा। यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जहाजों की आवाजाही में कमी से तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है। इससे परिवहन लागत और ऊर्जा कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। पहले से कम हुई जहाजों की आवाजाही बताती है कि कंपनियां सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। फिलहाल अमेरिका अपनी नाकाबंदी लागू करने के लिए समुद्री कार्रवाई बढ़ा रहा है, जबकि ईरान अमेरिकी दबाव को स्वीकार करने के संकेत नहीं दे रहा। एक तरफ अमेरिकी बलों ने 67 जहाजों का रास्ता बदला है, वहीं दूसरी तरफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या काफी कम बनी हुई है। ऐसे में किसी नए समुद्री टकराव या जहाज पर कार्रवाई से तनाव तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए आने वाले दिनों में अमेरिका और ईरान के अगले कदम पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।

विज्ञापन


पेरू में 6.7 तीव्रता का भूकंप, दक्षिणी एंडीज में हिली धरती
पेरू के दक्षिणी एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 6.7 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर एक बजे आया और इसका केंद्र अयाकुचो क्षेत्र के परिनाकोचास प्रांत में उपाहुआचो शहर से 38 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई 66.7 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके इका और अरेक्विपा समेत दक्षिणी पेरू के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। तत्काल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली। पेरू प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में आता है, जहां भूकंपीय गतिविधियां अक्सर होती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

जर्मनी में वांछित यूक्रेनी नागरिक को क्रोएशिया में हिरासत में लिया गया
क्रोएशिया की एक अदालत ने 2022 में नॉर्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन में हुए विस्फोटों के मामले में जर्मनी में वांछित एक यूक्रेनी नागरिक को हिरासत में रखने का आदेश दिया है। उसे बुधवार को पुला शहर में यूरोपीय गिरफ्तारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। जर्मनी के अभियोजकों के अनुसार, संदिग्ध एक प्रशिक्षित गोताखोर था और उस समूह का हिस्सा था जिसने बाल्टिक सागर में नॉर्ड स्ट्रीम-1 और नॉर्ड स्ट्रीम-2 पाइपलाइनों में विस्फोटक लगाए थे। उसके वकील ने हिरासत के आदेश के खिलाफ अपील करने की बात कही है। 26 सितंबर 2022 के विस्फोटों में दोनों पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थीं।

10 हफ्ते बाद देश लौटे 93 वर्षीय राष्ट्रपति पॉल बिया, स्वास्थ्य को लेकर उठे थे सवाल
कैमरून के 93 वर्षीय राष्ट्रपति पॉल बिया 10 सप्ताह से ज्यादा समय विदेश में रहने के बाद बृहस्पतिवार को देश लौट आए। वह स्विट्जरलैंड के जिनेवा से राजधानी याउंडे पहुंचे। उनके लंबे समय तक देश से बाहर रहने के कारण स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं और सत्ता में संभावित खालीपन को लेकर भी सवाल उठने लगे थे। बिया 1982 से कैमरून के राष्ट्रपति हैं और दुनिया के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति हैं। उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में हुए विवादित चुनाव में जीत के बाद नवंबर में अपना आठवां कार्यकाल शुरू किया था। वह सात जून को यूरोप के निजी दौरे पर गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed