फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Speculation about Bilawal Bhutto marrying into a European royal family; PPP calls it ‘false and baseless’

कंगाली के बीच पाकिस्तान में 'शाही बारात': यूरोपीय राजकुमारी से शादी करेंगे बिलावल, खबर पर पार्टी ने क्या कहा?

Sun, 30 Aug 2026 10:19 PM IST
पवन पांडेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: पवन पांडेय Updated Sun, 30 Aug 2026 10:19 PM IST
सार
Register For Event

पाकिस्तान पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो-जरदारी की यूरोपीय राजघराने से जुड़ी युवती से शादी की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। उनके पिता आसिफ अली जरदारी की निजी यूरोप यात्रा के बाद अटकलें तेज हुईं। हालांकि, पीपीपी नेता ने सगाई और शादी की खबरों पर कुछ और ही कहा है।

विज्ञापन
Speculation about Bilawal Bhutto marrying into a European royal family; PPP calls it ‘false and baseless’
पाकिस्तान में नया 'मुद्दा'- बिलावल की शाही शादी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों ने पाकिस्तान में जोर पकड़ लिया है। वायरल पोस्ट और कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि 38 वर्षीय बिलावल जल्द ही यूरोपीय राजघराने से जुड़ी एक युवती से शादी कर सकते हैं। हालांकि, पीपीपी ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें 'गलत और बेबुनियाद' बताया है। कराची के मेयर और पीपीपी नेता मुरतजा वहाब ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बिलावल की सगाई और शादी से जुड़ी खबरों को खारिज किया। वहाब बिलावल के प्रवक्ता भी हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रसारित हो रही रिपोर्टों में कोई सच्चाई नहीं है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- आइसलैंड ने खारिज किया ईयू में शामिल होने का प्रस्ताव: एक दशक बाद फिर छिड़ी थी बहस, क्या है पूरा मामला?
विज्ञापन


जरदारी की यूरोप यात्रा से शुरू हुई अटकलें
बिलावल की कथित शादी की चर्चा उस समय तेज हुई जब उनके पिता और पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के निजी यूरोपीय दौरे की खबर सामने आई। राष्ट्रपति कार्यालय ने 27 अगस्त को ‘एक्स’ पर बताया था कि जरदारी 'निजी यात्रा पर विदेश रवाना हो गए हैं।' इस बयान में उस समय उनकी मंजिल और यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट नहीं किया गया था। इसके बाद पाकिस्तानी मीडिया और सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगने लगीं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि जरदारी यूरोप में अपने बेटे की शादी को लेकर बातचीत करने और तारीख तय करने गए हैं। कुछ खबरों में उनकी यात्रा को छोटे यूरोपीय देश लिकटेंस्टाइन से जोड़ा गया। लिकटेंस्टाइन स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया के बीच स्थित एक छोटा संप्रभु देश है और इसकी राजधानी वाडुज है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कौन हैं कथित दुल्हन ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग?
सोशल मीडिया पर वायरल दावों ने इस कहानी को और दिलचस्प बना दिया। इनमें बिलावल की कथित भावी दुल्हन के रूप में 26 वर्षीय ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग का नाम लिया गया। इन दावों में उन्हें ऑस्ट्रिया के पूर्व शाही परिवार से जुड़ा बताया गया। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, ग्लोरिया ऑस्ट्रिया के आर्चड्यूक कार्ल और फ्रांसेस्का वॉन थिसेन-बोर्नेमिस्जा की बेटी हैं और हैब्सबर्ग-लोरेन परिवार से संबंध रखती हैं। सोशल मीडिया पोस्टों में उन्हें ऑस्ट्रिया के अंतिम सम्राट और हंगरी के राजा कार्ल प्रथम की परपोती बताया गया है। हालांकि, बिलावल और उनके परिवार की ओर से ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग को संभावित दुल्हन बताए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शादी की तारीख या स्थान को लेकर भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पाकिस्तानी अखबार की रिपोर्ट भी आई सामने
पाकिस्तान के उर्दू दैनिक 'डेली औसाफ' ने भी अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि बिलावल की शादी की तैयारियां चल रही हैं। रिपोर्ट में कहा गया था कि राष्ट्रपति जरदारी इसी सिलसिले में निजी यूरोपीय दौरे पर हैं। हालांकि, यह रिपोर्ट बाद में हटा दी गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह अटकल और तेज हो गई कि बिलावल की शादी साल के अंत तक हो सकती है। कुछ पोस्टों में कथित दुल्हन को लिकटेंस्टाइन के वाडुज से भी जोड़ दिया गया। लेकिन इन दावों के समर्थन में कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई।


पीपीपी ने क्या कहा?
अटकलों के बढ़ने के बाद पीपीपी की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई। मुरतजा वहाब ने बिलावल की सगाई और शादी से संबंधित रिपोर्टों को 'गलत और बेबुनियाद' बताया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि पार्टी अध्यक्ष की सगाई या शादी के संबंध में ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बिलावल या उनके परिवार की ओर से भी अब तक न तो किसी सगाई की पुष्टि की गई है, न संभावित दुल्हन का नाम बताया गया है और न ही शादी की तारीख घोषित की गई है।

यह भी पढ़ें- स्विट्जरलैंड: रेव पार्टी के दौरान गोलीबारी से मचा हड़कंप, एक की मौत; पांच घायल, कुछ की हालत गंभीर

शादी को लेकर पहले भी बात कर चुके है बिलावल
हालांकि, बिलावल भुट्टो शादी की इच्छा को लेकर पहले सार्वजनिक रूप से बात कर चुके हैं। 2022 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के दौरान जब उनसे शादी की योजना के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था कि निश्चित रूप से उनकी शादी करने की योजना है। हालांकि, उन्होंने इसकी कोई समयसीमा नहीं बताई थी। 2016 में भी बिलावल ने मजाकिया अंदाज में अपनी शादी को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी भावी दुल्हन को पहले उनकी बहनों का दिल जीतना होगा। उन्होंने इसे किसी भी लड़की के लिए 'बहुत मुश्किल काम' बताया था। फिलहाल बिलावल भुट्टो-जरदारी की यूरोपीय परिवार में शादी, लिकटेंस्टाइन से कथित संबंध, ग्लोरिया वॉन हैब्सबर्ग को संभावित दुल्हन बताए जाने और इस साल के अंत में शादी होने जैसे दावे अपुष्ट हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed