फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   deo ki dairy satir on indian system chanda chori cases

देव की डायरी: चंदे का लोकतंत्र- जेब आपकी, पुण्य हमारा

देव प्रकाश चौधरी देव प्रकाश चौधरी
Updated Fri, 21 Aug 2026 07:44 PM IST
सार
Register For Event

चंदा परंपरा के महान पुरोधा गुजरी गुरु नए चंदा जीवियों से कहते हैं, “बहुत बड़ी कला है चंदा मांगना। पहचानते हो या न जानते हो, पहुंचते ही आंखें नीची कर ऐसा भूदानी नमस्कार करो कि सामने वाले की सारी इंद्रियां तुम्हें पहचानने में बिजी हो जाएं। दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि जब तुम अपनी बात कह रहे होते हो तो साथ गए लोग उस समय अपने चेहरे को देहाती नाटकों में साइड रोल करने वाले पात्रों की तरह भाव विहीन रखें। ...और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चंदा मांगने को जो लीड करे, उसके पास अगर फ्लश के खेल में ब्लफ लगने वाली सधी निगाह हो तो सामने वाले की जेब से पैसा उछल कर बाहर आएगा और उसे लगेगा कि उसने देशहित में कोई बड़ा योगदान किया है और उससे यह योगदान लेकर तुमने उस पर अहसान किया है।

विज्ञापन
deo ki dairy satir on indian system chanda chori cases
चंदा मांगने की कला - फोटो : Amarujala.com/AI

विस्तार

इन दिनों चंदा बहुत चर्चा में है। चंदा वैसे बड़ा सुंदर शब्द है। एक चंदा आसमान में होता है और दूसरा जमीन पर। आसमान वाला चंदा में चांदनी की ठंडक है और जमीन वाले चंदे में पैसे की गर्मी। आसमान वाला चंदा किसी से कुछ मांगता नहीं। वह चुपचाप निकलता है, अपनी रोशनी करता है और चला जाता है। कवि उसे देखकर कविता लिखते हैं और बच्चे उसे देखकर दूध-भात खाते हैं। लेकिन जमीन वाला चंदा बड़ा कर्मठ है। वह मौसम-बेमौसम आ पहुंचता है।

विज्ञापन


कभी पर्ची लेकर, कभी रसीद लेकर, कभी मुस्कान लेकर और कभी ऐसी आत्मीयता लेकर कि आदमी अपनी जेब टटोलने से पहले अपना अपराधबोध टटोलने लगता है। चंदा मांगने वाला आदमी दरअसल आदमी नहीं रहता, संस्था हो जाता है। उसके हाथ में रसीद आते ही उसकी आवाज में संविधान का अधिकार और चेहरे पर पंचायत का आत्मविश्वास आ जाता है।
विज्ञापन


वह आपको इस तरह देखता है, जैसे आपके पास पैसा नहीं, समाज का कोई अधूरा कर्तव्य रखा हुआ हो। हर शहर, हर कस्बे, यहां तक कि हर गांव में कुछ 'चंदा वीर' लोग पाए जाते हैं। यह आपके इलाके की आबादी पर निर्भर करता है कि वहां कितने 'चंदा वीर' होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


चंदा मांगने की कला

हालांकि चंदा मांगना एक कला है। गुणीजन कहते हैं कि चंदा मांगने की कला में सबसे जरूरी है कि आप मांगते हुए ऐसे दिखें, जैसे सामने वाला दे नहीं रहा, बल्कि आपको देने का सौभाग्य प्राप्त कर रहा है और आप कह रहे हैं, “आपका सहयोग इस पुण्य कार्य को नई ऊंचाई देगा।”

चंदा पर जब भी चर्चा होती है, मुझे अपने गांव मोतिया के महान 'चंदा वीर' गुजरी गुरु याद आते हैं। चंदा मांगने की कला के पुरोधा। अपनी सक्रिय जिंदगी के सात दशक में शायद ही कोई ऐसा काम हो, जिसके लिए उन्होंने चंदा न जुटाया हो।

कुछ दिन पहले जब चारो तरफ चंदे का शोर कुछ ज्यादा ही था, तब मैंने फोन पर उनसे पूछा था कि एक अच्छा चंदा मांगने वाले में क्या-क्या गुण होने चाहिए? गुजरी गुरु सवाल सुनकर खुश हो गए और आजकल टीवी की खबरों में जैसे एक जुमला दूसरे जुमले पर चढ़ बैठता है, ठीक उसी तरह वे शुरू हो गए।

गुजरी गुरु बोले, “बहुत बड़ी कला है चंदा मांगना। पहचानते हो या न जानते हो, पहुंचते ही आंखें नीची कर ऐसा भूदानी नमस्कार करो कि सामने वाले की सारी इंद्रियां तुम्हें पहचानने में बिजी हो जाएं।” चंदा मांगने की कला का पहला सूत्र समझाने के बाद गुजरी गुरु ने एक लंबी सांस ली और फिर शुरू हो गए, “दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि जब तुम अपनी बात कह रहे होते हो तो साथ गए लोग उस समय अपने चेहरे को देहाती नाटकों में साइड रोल करने वाले पात्रों की तरह भाव विहिन रखें।”

दूसरा सूत्र हाथ में आते ही मुझे समझ में आ गया कि चंदा वीर की परंपरा में क्यों गुजरी गुरु का नाम मेरे गांव में आदर से लिया जाता है,  लेकिन न तो मेरी जिज्ञासा खत्म हुई थी और न ही गुजरी गुरु की बातें। वह फिर शुरू हुए, “और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चंदा मांगने को जो लीड करे, उसके पास अगर फ्लश के खेल में ब्लफ लगने वाली सधी निगाह हो तो सामने वाले की जेब से पैसा उछल कर बाहर आएगा और उसे लगेगा कि उसने देशहित में कोई बड़ा योगदान किया है और उससे यह योगदान लेकर तुमने उस पर अहसान किया है।”

इन सूत्रों ने मेरे ज्ञान के चक्षु खोल दिए। मैं जानता हूं कि गुजरी गुरु का व्यक्तित्व साक्षरता और निरक्षरता की सीमा पर खड़ा है, लेकिन जिंदगी की किताब ने उन्हें बहुत सारे गैर पाठ्यक्रमी कार्यक्रमों का गुरु बना दिया। उसमें से एक चंदा मांगने की कला भी है। वैसे देखें तो हमारे देश में चंदा मांगने की परंपरा बड़ी पुरानी है।

किसी सार्वजनिक काम के लिए पैसा न हो तो लोग कहते थे, “भाई साहब, कुछ सहयोग कर दीजिए।” इस नए युग में भाषा थोड़ी-सी बदल गई है, “आपके सहयोग के बिना यह ऐतिहासिक आयोजन संभव नहीं है।”

इस मामले में गुजरी गुरु कुछ अलग राय रखते हैं-
 

 “हर आदमी चंदा नहीं ले सकता। सबसे महत्वपूर्ण है, रकम बताने की कला। इतनी कम बताओ कि सामने वाला खुद कहे कि और कुछ रख लीजिए। यही असली सफलता है। पहुंचे हुए चंदा कर्ता कभी रकम नहीं बताते। वे सामने वाले की सामाजिक प्रतिष्ठा को धीरे-से याद दिलाते हैं, जैसे कि आप जैसे लोगों के सहयोग से ही तो यह काम चलता है। इस तरह के वाक्य सुनते ही आदमी अपनी जेब नहीं, अपना कद देखने लगता है और कद के हिसाब से चंदा निकाल देता है। असली कलाकार वही है, जो दो हजार मांगकर पांच हजार की रसीद कटवा दे और जाते-जाते दाता को यह विश्वास भी दिला दे कि उसने सिर्फ पांच हजार नहीं दिए, समाज की इज्जत बचाई है। सामने वाला समझ जाता है कि आयोजन ऐतिहासिक होने वाला है और इतिहास में उसका पैसा भी दर्ज होने वाला है।”


चंदे में सबसे बड़ी बात यह है कि यह कभी अपने को चंदा नहीं कहता। वह सहयोग है, योगदान है, समर्पण है, सहभागिता है, जनभागीदारी है। पैसा वही है, लेकिन उसके नाम बदलते रहते हैं। लेकिन गुजरी गुरु हिदायत भी देते हैं कि चंदे की अपनी नैतिकता होती है, “जिससे चंदा लो, उससे कहो कि यह आपके ही कार्यक्रम के लिए है।”

यह हमारे देश की सबसे सफल आर्थिक व्यवस्था है। इसमें कोई असफल नहीं होता। इसका एक बड़ा  फॉर्मूला भी है- “कोई बात नहीं, जितना बन पड़े।” यह ‘जितना बन पड़े’ भी बड़ा रहस्यमयी वाक्य है। इसमें पांच रुपये से लेकर पांच लाख तक की संभावनाएं छिपी रहती हैं। एक समय था, चंदा लेने वाले रसीद बुक लेकर आते थे। अब उनके पास मोबाइल है और वे कहते हैं, “क्यूआर कोड स्कैन कर लीजिए।”

डिजिटल श्रद्धा का दौर

श्रद्धा अब डिजिटल हो गई है। रसीद की जगह अब मैसेज आता है, “आपका ट्रांजेक्शन सफल रहा।” चंदा देने वाले को पहली बार मालूम पड़ता है कि वह भी सफल हो गया है। चंदे की एक बड़ी उपलब्धि यह भी है कि इसने सामाजिक संबंधों को भी मजबूत किया है। आपके मोहल्ले में जो आदमी पिछले एक साल से आपको नमस्ते नहीं करता था, वह चंदे के मौसम में आपके घर का रास्ता खोज लेता है, “पहचाना नहीं?”

आप पहचान जाते हैं, “अरे, आप!” वह मुस्कुराता है। आप भी मुस्कुराते हैं। फिर वह अपने मोबाइल में क्यूआर कोड निकालता है। आपकी श्रद्धा स्कैन हो जाती है। आपकी मुस्कान थोड़ी कम हो जाती है। उसकी मुस्कान थोड़ी बढ़ जाती है। यहीं से समाज चलता है।

चंदे ने हमें एक और चीज सिखाई है कि किसी काम को महान सिद्ध करने के लिए उसके खर्च को बड़ा करना जरूरी है। बड़ा कार्यक्रम है तो पांच लाख रुपये। ऐतिहासिक कार्यक्रम है तो दस लाख रुपये और अगर कार्यक्रम बहुत ही ऐतिहासिक है तो खर्च का हिसाब पूछना इतिहास में दखल माना जा सकता है। इसलिए हिसाब मत पूछिए, विश्वास रखिए।

चंदा विश्वास पर चलता है और जहां विश्वास होता है, वहां हिसाब अपने आप छोटा हो जाता है। चंदा हमारे समाज की उन संस्थाओं में है, जिनकी उपयोगिता पर कोई सवाल नहीं उठाता, क्योंकि सवाल उठाने वाले से अगली बार चंदा मांगा जा सकता है। वैसे चंदा लेने वालों की भी अपनी राजनीति होती है। किसके घर पहले जाना है, किसके यहां कितनी रकम मांगी जा सकती है, किससे पुराना हिसाब है और किससे भविष्य में काम पड़ सकता है, चंदे की सफलता के लिए इन सबका हिसाब अधिक महत्वपूर्ण होता है।

चंदे का एक और लाभ है। इससे स्थानीय नेतृत्व की पहचान होती है। जिसने सबसे अधिक चंदा दिया, उसे मंच पर आगे की कुर्सी मिलती है। जिसने उससे थोड़ा कम दिया, उसे पीछे की कुर्सी। जिसने कुछ नहीं दिया, वह कार्यक्रम में भीड़ के साथ खड़ा रहता है।

इस व्यवस्था को लोकतंत्र कहा जा सकता है, इसलिए चंदा केवल किसी आयोजन का आर्थिक साधन नहीं, सामाजिक जीवन का एक महत्वपूर्ण बहाना भी है। चंदा देने वाले और लेने वाले के बीच एक मौन समझौता रहता है। देने वाला जानता है कि उसकी रकम पूरी तरह उसी काम में नहीं जाएगी, जिसके नाम पर ली गई है। लेने वाला जानता है कि देने वाला यह जानता है। फिर भी दोनों इस ज्ञान को सार्वजनिक नहीं करते। यही सभ्यता है।

मेरे गांव में तो इसे परंपरा कहते हैं। इस परंपरा के चमकीले नक्षत्र गुजरी गुरु नए चंदा जीवियों को एक सीख भी देते हैं, “आकस्मिक व्यय के लिए एक अलग खाता बनाकर हमेशा जगह-जगह इस बात को दोहराना होता है कि पाई-पाई का हिसाब रखा जा रहा है। बस हिसाब देखने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।”

और जिसने इस हिसाब को साध लिया, वह चंदा कला का सफल कलाकार है। गुजरी गुरु याद दिलाते हैं कि  चंदा मांगना केवल पैसे मांगना नहीं है। यह आदमी के भीतर छिपे अपराधबोध, सामाजिक प्रतिष्ठा और दिखावे को एक साथ जगाने की कला है, “जिस दिन आप किसी कंजूस से चंदा लेकर लौट आएं और वह आपको धन्यवाद दे, समझिए आपने चंदा मांगना सीख लिया है और जिस दिन वही कंजूस अगली बार आपको दूर से देखकर रास्ता बदल ले, समझिए कि आप इस कला में निपुण हो चुके हैं।




-------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed