Sowcar Janaki: सौकार जानकी के निधन पर सीएम विजय ने जताया शोक, कमल हासन बोले- उनके साथ कई फिल्में कीं
Celebs Pay Condolences To Actress Sowcar Janaki Death: शुक्रवार को दक्षिणी भारतीय फिल्मों की दिग्गज अदाकारा सौकार जानकी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। 94 वर्षीय अभिनेत्री के निधन पर साउथ सिनेमा के कई कलाकारों ने शोक व्यक्त किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिग्गज अदाकारा सौकार जानकी के निधन की खबर सुनकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। सोशल मीडिया के जरिए तमिलनाडु के सीएम और अभिनेता विजय ने शोक संदेश साझा किया है। वहीं कमल हासन के अलावा कई कलाकारों ने सौकार जानकी के निधन पर दुख जताया है।
सीएम विजय हुए दुखी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और एक्टर विजय ने दुख जताते हुए एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ‘मुझे मशहूर फिल्म अभिनेत्री सौकार जानकी के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा और बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपनी खास एक्टिंग से हर पीढ़ी के फैंस के दिलों में एक अमिट जगह बनाई।’
तमिलनाडु के सीएम विजय के अलावा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के प्रेसिडेंट वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी सौकार जानकी के निधन पर गहरा दुख जताया।
कमल हासन और चिरंजीवी ने जताया शोक
अभिनेता चिरंजीवी ने भी एक्स (ट्विटर) पर लिखा, ‘मैं उनके परिवार के सदस्यों और फैंस के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’
वहीं कमल हासन ने सौकार जानकी को श्रद्धांजलि देते हुए पोस्ट में लिखा, ‘हमने कई फिल्मों में साथ काम किया है। वह मां थीं और मैं बच्चा। साउथ इंडियन सिनेमा की ऐसी आर्टिस्ट, जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने उस समय के सभी हीरो के साथ काम किया। वह मेरे गुरु के. बालचंदर की पसंदीदा थीं। उनका निधन हो गया है। एक मां जैसी छवि चली गई है। मैं उन्हें आंसुओं के साथ अलविदा कहता हूं।’
अभिनेता नासर ने साझा की थी निधन की जानकारी
अभिनेत्री सौकार जानकी के निधन की जानकारी नादिगर संगम के प्रेसिडेंट और अभिनेता नासर ने साझा की थी। अभिनेता नासर ने एक बयान में कहा कि कुछ समय तक अस्पताल में रहने के बाद 21 अगस्त को 94 साल की उम्र में साैकार जानकी का निधन हो गया। वह कहते हैं, ‘उनका पार्थिव शरीर शाम 5 बजे से सेंटोफ रोड, तेयनमपेट में रखा जाएगा।’
अभिनय के लिए मिले कई अवॉर्ड्स
अभिनेत्री सौकार जानकी ने तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा की कई फिल्मों में अभिनय किया। 7 दशक के अपने करियर में उन्होंने लगभग 400 फिल्मों में काम किया। 300 से ज्यादा स्टेज शो में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।
अभिनय की दुनिया में आने से पहले वह रेडियो आर्टिस्ट थीं। उन्हें दो नंदी अवॉर्ड और कलाईमामणि सम्मान मिला। साथ ही दक्षिण भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला। इसके अलावा सौकार जानकी को पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।