Fact Check: एक साल पुराने वीडियो को मौजूदा हूती-सऊदी तनाव से जोड़कर किया जा रहा शेयर, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हूतियों ने मक्का शहर पर हमला किया है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को एक साल पुराना पाया है।
विस्तार
सऊदी अरब और हूतियों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रियाद में एयर अलर्ट जारी किए गए हैं। वहीं, हूतियों ने दावा किया है कि सऊदी ने उनके ठिकानों पर 26 हमले किए हैं। इन हमलों का असर अब सुरक्षा के साथ-साथ तेल सप्लाई पर भी पड़ता दिख रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में मक्का शहर पर हमला होते नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मौजूदा तनाव के दौरान हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के मक्का शहर पर हमला किया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो एक साल पुराना है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हूती विद्रहियों ने सऊदी अरब के मक्का शहर पर हमला किया है।
दीपक शर्मा (@SonOfBharat7) नाम के एक्स यूजर ने लिखा,’ निशाने पर मक्का मदीना निशाना लगाने वाले भी मुसलमान। मक्का समझौते वाले पाकिस्तान की बोलती बंद। माना जा रहा है कि 2 अरब मुसलमानों का पवित्र स्थल मक्का अब आतंकियों के निशाने पे है। हूती आतंकियों द्वारा मक्का को तबाह करने का प्रयास।’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें आर टी के एक्स हैडल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 12 सितंबर 2025 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि सऊदी अरब के मदीना के ऊपर हूथी मिसाइल को गिराए जाने का मामला एयर डिफेंस सिस्टम ने इस्राइल की ओर जा रहे प्रोजेक्टाइल को बीच में ही रोक दिया।

इसके बाद हमें MiddleEast_24 के एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 12 सितंबर 2025 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि सऊदी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मदीना के ऊपर हुआ धमाका हूती हमले से जुड़ा है। सऊदी मीडिया ने मदीना और पैगंबर की मस्जिद (जो इस्लाम में दूसरी सबसे पवित्र जगह है) के फुटेज जारी किए हैं, जहां कल रात आसमान में एक ज़ोरदार धमाका और एक अज्ञात चीज देखी गई थी।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को एक साल पुराना पाया है। इस वीडियो को हालिया बता कर शेयर किया जा रहा है।