बर्फ के फाहों से गुलजार पहाड़: कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश के आसार, कश्मीर में अगले दो दिन मौसम लेगा इम्तिहान
गुलमर्ग, सोनमर्ग, जोजिला और गुरेज के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने 15 अक्तूबर तक खराब मौसम का अनुमान जताया है जबकि 16 अक्तूबर से राहत मिलने की उम्मीद है।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि श्रीनगर समेत मैदानी क्षेत्रों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 15 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और कुछ इलाकों में गरज के साथ आंधी आने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार, गुलमर्ग, सोनमर्ग और जोजिला क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के तुलैल क्षेत्र और राजदान दर्रे में भी ताजा बर्फबारी हुई है। बारिश के कारण घाटी में ठंड बढ़ने के साथ मौसम का मिजाज बदल गया है।
16 अक्तूबर से मौसम सुधरने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 से 16 अक्तूबर के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका है। 16 अक्तूबर से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है, जबकि 17 से 24 अक्तूबर तक मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रह सकता है।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम के संभावित असर को देखते हुए सेब, धान और अन्य कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। वहीं, गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुरेज और अन्य पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने तथा रवाना होने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के लिए कहा गया है। बर्फबारी और खराब मौसम से यातायात प्रभावित होने की आशंका है। यात्रियों और वाहन चालकों को यातायात विभाग की आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.