UP Big News: कौशाम्बी विस्फोट में 9 की मौत, अंकित बालियान की हत्या पर बड़ा अपडेट, शिक्षक पुरस्कार की सूची जारी
उत्तर प्रदेश में सोमवार का दिन घटनाक्रमों से भरा हुआ रहा। एक तरफ राजनीतिक घटनाएं होती रहीं तो दूसरी तरफ अंकित बालियान हत्याकांड में हुई मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए। पढ़ें, प्रदेश की प्रमुख खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में सोमवार का दिन घटनाक्रमों से भरा हुआ रहा। एक तरफ राजनीतिक घटनाएं होती रहीं तो दूसरी तरफ अंकित बालियान हत्याकांड में हुई मुठभेड़ में दो आरोपी मारे गए। दोपहर को कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र की एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि करीब दर्जन भर लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं, यूपी चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक बयानबाजी भी होती रही। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी में भारी भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया तो मायावती ने चुनाव को ध्यान में रखते हुए बैठक कर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। वहीं, शाम होते होते राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों की सूची जारी कर दी गई। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से वाराणसी सिटी के लिए नई रेल सेवा का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। पढ़ें, प्रदेश की प्रमुख खबरें
कौशाम्बी: पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, धमाकों से दहला मनौरी बाजार, नौ की मौत, कई की हालत बेहद नाजुक
पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही फैक्टरी में रखे पटाखों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में फैक्टरी से उठे धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके को ढक लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। धमाके में कई परिवारों के मकान धराशायी हो गए। नौ लोगों की मौत हो चुकी है। पढ़ें पूरी खबर
राज्य अध्यापक पुरस्कार की सूची जारी, प्रदेश के 61 शिक्षक पांच सितंबर को किए जाएंगे सम्मानित
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत कुल 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं के नामों की सूची जारी कर दी है। इन शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को सम्मानित किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
अंकित बालियान हत्याकांड: डीजीपी बोले- दो शूटर मारे गए, दो की तलाश जारी, साजिशकर्ताओं को भी नहीं बख्शेंगे
अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया और दो की तलाश की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी देते हुए यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन में शामली पुलिस के साथ ही मेरठ और नोएडा पुलिस को शामिल किया गया था। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: अखिलेश यादव बोले- विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए एआई वीडियो बनाकर वायरल कर रही सरकार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए एआई से वीडियो बनाकर सर्कुलेट कर रही है। वो ऐसा न करें एआई में हम उन्हें पीछे कर देंगे। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: मायावती का चुनावी मंथन, बोलीं- विरोधियों के चुनावी रेवड़ियों से रहें सावधान, जेन जी का किया समर्थन
लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी राज्य स्तरीय पदाधिकारी और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। इसमें दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश भी उपस्थित रहे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की प्रगति की समीक्षा की गई। पढ़ें पूरी खबर
अंकित बालियान हत्याकांड: ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले-जिस पर राजनीति कर रहे थे, उसके हत्यारे नर्क पहुंच गए
यूपी में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसा है। एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि आप जिस पर राजनीति कर रहे थे। अब उसके हत्यारे नर्क में पहुंच गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: नेपालगंज रोड से वाराणसी के लिए शुरू हुई नई रेल सेवा, सीएम योगी ने किया शुभारंभ
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से वाराणसी सिटी के लिए नई रेल सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। पढ़ें पूरी खबर