फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Jalandhar News ›   Punjab Congress amarinder Raja Warring vijay inder singla  sachin pilot

पंजाब कांग्रेस में सियासी ‘सर्जरी’!: बदलाव की पटकथा तैयार, राजा वड़िंग की छुट्टी तय; 48 घंटे में फैसला संभव

Wed, 30 Sep 2026 12:08 PM IST
Nivedita सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर
सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर Published by: Nivedita Updated Wed, 30 Sep 2026 12:08 PM IST
सार
Register For Event

पंजाब कांग्रेस में जुलाई में शुरू हुई सियासी खींचतान से पार्टी असहज थी। पहले प्रभारी भूपेश बघेल ने बगावत रोकने की कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहे। इसके बाद पार्टी ने सचिन पायलट को प्रभारी बनाया। अब पायलट ने गुटबाजी पर अपनी रिपोर्ट आलाकमान को साैंप दी है। ऐसे में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। 

विज्ञापन
Punjab Congress amarinder Raja Warring vijay inder singla  sachin pilot
पंजाब कांग्रेस में होगा बदलाव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह नया चेहरा लाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अगले 48 घंटे में इस पर फैसला हो सकता है। 

विज्ञापन


संभावित नए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे प्रमुखता से सामने आ रहा है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना है और अभी तक पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

विज्ञापन

कई माह से चल रही खींचतान

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की यह कवायद पिछले कई महीनों से चल रही अंदरूनी खींचतान की अगली कड़ी मानी जा रही है। राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच संगठन और नेतृत्व को लेकर मतभेद लगातार चर्चा में रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


जुलाई में कांग्रेस हाईकमान ने वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया था, लेकिन इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर और तेज हो गए। चन्नी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की ओर से संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत बताई जाती रही। दोनों खेमों के बीच खींचतान का असर पार्टी की गतिविधियों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी पड़ता दिखाई दिया।

पांच सितंबर को बदला था प्रभारी

इसी स्थिति को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने तत्कालीन पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को संगठन की स्थिति का जायजा लेने की जिम्मेदारी दी थी। बघेल ने पंजाब के नेताओं से व्यापक स्तर पर बातचीत की और विभिन्न गुटों के नेताओं से फीडबैक लिया। हालांकि इसके बावजूद वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखने का फैसला हुआ। इसके बाद भी संगठन के भीतर असंतोष और गुटबाजी की चर्चाएं थमी नहीं। पार्टी के एक धड़े की ओर से बघेल की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए और आखिरकार 5 सितंबर को कांग्रेस ने भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त कर दिया।

व्यापक फीडबैक लिया

पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद संगठन की स्थिति को समझने के लिए नए सिरे से व्यापक फीडबैक प्रक्रिया शुरू हुई। पायलट ने वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ जिला स्तर के पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े दूसरे नेताओं से भी बातचीत की। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान बड़ी संख्या में बैठकें और व्यक्तिगत बातचीत हुईं। पार्टी के भीतर चल रही खींचतान, संगठन की स्थिति और 2027 के चुनाव को लेकर नेताओं की राय जुटाई गई। इसी बीच वड़िंग और चन्नी एक मंच पर दिखाई दिए और दोनों खेमों की ओर से एकजुटता का संदेश देने की कोशिश भी हुई, लेकिन अंदरूनी मतभेदों को पूरी तरह खत्म करने में यह कवायद सफल नहीं हो सकी।

हाईकमान को साैंपी रिपोर्ट

अब पार्टी सूत्रों का दावा है कि सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट हाईकमान को सौंप दी है। इसी रिपोर्ट के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं। हाईकमान के स्तर पर नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा है और विजय इंदर सिंगला का नाम प्रमुख दावेदार के तौर पर चर्चा में है। उनके अलावा चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह, गुरजीत सिंह औजला और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम भी संभावित विकल्पों में बताए जा रहे हैं।

सिंगला के नाम के साथ कांग्रेस के लिए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है। यदि हाईकमान उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देता है तो कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए बिना सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ सकती है। इससे पार्टी के वरिष्ठ सिख नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद की संभावनाएं खुली रहने की गुंजाइश बनी रहेगी, जबकि प्रदेश संगठन की कमान एक अलग सामाजिक पृष्ठभूमि वाले नेता के हाथ में होगी। कांग्रेस की ओर से पहले ही संकेत दिए जा चुके हैं कि वह पंजाब में चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ सकती है और चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने से बच सकती है।

ऐसे में अगले 48 घंटे पंजाब कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। यदि हाईकमान वडिंग को हटाने का फैसला करता है तो यह पिछले कुछ महीनों में पंजाब कांग्रेस में तीसरा बड़ा संगठनात्मक बदलाव होगा पहले प्रदेश नेतृत्व को लेकर मंथन, फिर पंजाब प्रभारी के तौर पर भूपेश बघेल की विदाई और सचिन पायलट की नियुक्ति तथा अब प्रदेश अध्यक्ष बदलने की संभावित कवायद। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस हाईकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग खेमों को एक मंच पर लाकर एक प्रभावी संगठन खड़ा करने की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed