Rajasthan: सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष से मारपीट मामले में दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR, स्कूल की जगह भी बदली गई
जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में CJP नेता आशुतोष रांका के स्कूल दौरे से पहले ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं का विरोध किया। धक्का-मुक्की और पथराव में रांका की गाड़ी के शीशे टूटे। मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा-कंवरपुरा के निरीक्षण को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को हुए विवाद के बाद शनिवार सुबह स्कूल को करीब 50 मीटर दूर दूसरी इमारत में शिफ्ट कर दिया गया। इस दौरान स्कूल परिसर और नई जगह की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे।
मामले में CJP की रेखा शर्मा, सलमान, संजू और गीगराज ने ग्रामीणों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिवदासपुरा थाने में FIR दर्ज कराई। वहीं, ग्रामीणों की ओर से भगवान सहाय ने CJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। विवाद के करीब 24 घंटे बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों और CJP की ओर से जयपुर के शिवदासपुरा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हंगामा करने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
विवाद के बाद बदली गई स्कूल की जगह
ग्रामीणों और CJP कार्यकर्ताओं के बीच शुक्रवार को स्कूल निरीक्षण के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद शनिवार सुबह स्कूल को करीब 50 मीटर दूर एक दूसरी इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस कमरे में बच्चों को बैठाया जा रहा है, वहां पहले दुकान संचालित होती थी। वहीं, स्कूल को जिस स्थान पर शिफ्ट किया गया है, वहां भी बच्चों के बाहर बैठने की तस्वीरें सामने आई हैं। इससे स्कूल की वैकल्पिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप- गांव में दहशत का माहौल
ग्रामीणों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि CJP कार्यकर्ताओं के गांव में आने के बाद माहौल खराब हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद बच्चे डरे हुए हैं और कई बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि CJP कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव में आए और उन्होंने लोगों को डराया-धमकाया। पुलिस को दी शिकायत में हथियार लेकर आने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पढ़ें: सुसाइड या दुर्घटना? परमाणु बिजलीघर परिसर में CISF जवान की मौत, खुद की सर्विस राइफल से चली गोली
CJP ने लगाया मारपीट का आरोप
दूसरी ओर, CJP की ओर से आरोप लगाया गया कि शुक्रवार को स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की। पार्टी का दावा है कि कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। CJP ने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है।
आशुतोष रांका का पुलिस पर दबाव का आरोप
CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जयपुर के प्रताप नगर थाने के पुलिसकर्मी पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके और उनके परिवार के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि स्कूल की स्थिति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रदेश के सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी।
दोनों पक्षों की शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
शनिवार सुबह दोनों पक्षों ने शिवदासपुरा थाने में शिकायत दी। दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हंगामा करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस अब शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। विवाद के बाद स्कूल को दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने से बच्चों की पढ़ाई और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय स्तर पर अब स्कूल के लिए स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था की मांग की जा रही है।