Jaipur News:जयपुर में बिजली गुल होने से AIAPGET परीक्षा प्रभावित, 49 अभ्यर्थियों की 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा
जयपुर में बिजली गुल होने से AIAPGET 2026 परीक्षा प्रभावित हुई। श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र के 49 अभ्यर्थी पेपर पूरा नहीं कर सके। NTA अब 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGET) 2026 की परीक्षा के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से 49 अभ्यर्थी अपना पेपर पूरा नहीं कर सके। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इन सभी अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है।
NTA ने 22 अगस्त को जारी सार्वजनिक सूचना में बताया कि AIAPGET 2026 की शिफ्ट-1 में देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर कुल 36,979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 35,837 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 35,788 अभ्यर्थी ही अपनी परीक्षा पूरी कर सके।
जयपुर के केंद्र पर 49 अभ्यर्थी प्रभावित
जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 अभ्यर्थी अपना पेपर पूरा नहीं कर पाए।
NTA के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर बिजली से जुड़ी समस्या परीक्षा संचालन एजेंसी एमएस Eduquity Career Technologies Private Limited से संबंधित थी। घटना के बाद NTA ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद जताया और सभी 49 अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया।
1 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
प्रभावित अभ्यर्थियों की री-एग्जाम 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे आयोजित की जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्र राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर निर्धारित किया गया है। NTA के मुताबिक, दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
NTA ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे संशोधित एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारियों और निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी NTA की हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।