ग्रेटर नोएडा: इंटरनेशनल ट्रेड शो में छाई अलीगढ़ की कचौड़ी-चमचम, चार दिन में अमेरिका तक मिठाई की डिलीवरी
ग्रेटर नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड शो में अलीगढ़ के जायके का जलवा है। कचौड़ी की तीखी चटपटी सब्जी रायता, चमचम की मिठास को 80 देशों के उद्यमियों ने सराहा। ट्रेड शो में राजीव ख्यालीराम के स्टॉल पर चमचम 600, बेसन लड्डू 600, बूंदी लड्डू 640 रुपये किलो बिक रहे हैं। अलीगढ़ मंडल से 53 स्टॉल लगे हैं।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में अलीगढ़ की कचौड़ी, चमचम, सोन-पापड़ी, केसर पेड़ा और दालमोठ अपने लजीज स्वाद से छा गए हैं। ताला, हार्डवेयर, मूर्ति और अन्य स्टॉलों पर भी खरीदार पहुंचे। इसके अलावा आलू के स्टॉल पर भी रौनक रही। शो में ओडी-ओपी और ओडी-ओसी के उत्पादों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
शुक्रवार को शुरू हुए इस शो में 80 देशों के उद्यमी एवं प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। देशी-विदेशी मेहमानों ने इन व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कचौड़ी की तीखी चटपटी सब्जी और रायता, चमचम की खास मिठास पसंद की जा रही है। इसका स्टॉल लगाने वाले दैविक शर्मा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2019 में इस कारोबार में कदम रखा। ट्रेड शो में देसी घी से बनी दो कचौड़ियां 160 रुपये में दे रहे हैं। कद्दू और आलू की सब्जी साथ होती है। प्रमुख मिठाई विक्रेता राजीव ख्यालीराम ने बताया कि चमचम और डोडा बर्फी 600, काजू बर्फी 1100, बेसन के लड्ड 600 और बूंदी के लड्डू 640 रुपये किलो के भाव में शो में उपलब्ध हैं। अमेरिका तक ऑनलाइन डिलीवरी चार से पांच दिन में पहुंच जाती है।
25 से 29 सितंबर तक तक चलने वाले इस शो में 80 देशों के उद्यमी जुट रहे हैं। देश-विदेश से हजारों खरीदार पहुंच रहे हैं। इसका लाभ अलीगढ़ के उद्योगों को मिलेगा। स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को भी बहुत कुछ सीखने के लिए मिलेगा।-एसपी यादव, उपायुक्त उद्योग।
विज्ञापन विज्ञापन
अलीगढ़ मंडल के 53 स्टॉल सजे
ट्रेड शो में अलीगढ़ मंडल से कुल 53 स्टॉल लगाए गए हैं, इसमें सर्वाधिक 34 स्टॉल अलीगढ़ जनपद से हैं। जनपद से ओडी-ओपी के 14, एमएसएमई के तीन, न्यू एक्सपोर्टर श्रेणी में चार, ओल्ड एक्सपोर्टर श्रेणी में छह, ओडी-ओसी के तीन, जीआई टैग के तीन और सीएम युवा योजना से एक स्टॉल लगाया गया है। हाथरस से कुल 12 स्टॉल लगे हैं। इसमें ओडी-ओपी के दो, एमएसएमई के छह, ओल्ड एक्सपोर्टर श्रेणी में दो और ओडी-ओसी के दो स्टॉल शामिल हैं। एटा जनपद से ओडी-ओपी, एमएसएमई, ओडी-ओसी, जीआई टैग और सीएम युवा योजना के तहत एक-एक स्टॉल लगा है, कुल संख्या चार है। कासगंज से एमएसएमई और ओडीओसी योजना में एक-एक स्टॉल लगा है।