देर से आए डिप्टी सीएम : शिक्षकों को किया संबोधित, बोले- सपा सरकार का था नारा, जो हो खाली प्लॉट वो हमारा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह को जिताने की अपील की। शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एमएलसी चुनाव सेमी फाइनल है।
विस्तार
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक देरी से अलीगढ़ पहुंचे। उन्हें पहले मलखान सिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने जाना था, पर वह पहले डीएस डिग्री कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में पहुंच गए हैं, जहां उनका शिक्षकों ने स्वागत किया। डिप्टी सीएम ने शिक्षकों को संबोधित किया। शिक्षक सम्मेलन के बाद डिप्टी सीएम जिला अस्पताल के दौरे पर नहीं जा सके और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जिला अस्पताल में सभी इंतजाम धरे के धरे रह गए।
सपा सरकार का था नारा, जो हो खाली प्लॉट वो हमारा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह को जिताने की अपील की। शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एमएलसी चुनाव सेमी फाइनल है। उन्होंने विगत सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार का था नारा, जो हो खाली प्लाट, वह हमारा। सपा अब अपने नाम पर चुनाव लड़ने से भी डर रही है, इसलिए पीडीए के नाम का इस्तेमाल कर रही है। सपा सरकार में अराजकता थी। महिलाएं खुलेआम घूमने से डरतीं थीं, अब गुंडाराज खत्म हुआ है और योगीराज में सभी को सुरक्षा मिल रही है।
डिप्टी सीएम आगमन को लेकर शहर में रूट डायवर्ट
उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अलीगढ़ जनपद में भ्रमण को लेकर शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन लागू किया गया है। यह व्यवस्था प्रातः 11.00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी है।
बाह्य डायवर्जन के तहत बोनेर तिराहा, आगरा, मथुरा, खेरेश्वर चौराहा, अनूपशहर जवां, क्वार्सी चौराहा और कमालपुर कट से शहर की ओर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। रोडवेज बसें, प्राइवेट बसें और कमर्शियल वाहन भी शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इन वाहनों को उनके गंतव्य की ओर डायवर्ट किया जाएगा। रामघाट रोड पर अतरौली से अलीगढ़ शहर की तरफ आने वाले भारी और कमर्शियल वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे। वीआईपी आवागमन के समय आंतरिक डायवर्जन भी लागू होगा।
वीआईपी आवागमन के दौरान बोनेर तिराहे से एटा चुंगी तक और एटा चुंगी से डी०एस० कॉलेज ऑडिटोरियम अचलताल तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। कार्यक्रम स्थल अचलताल से मलखान सिंह जिला अस्पताल तक और बारहद्वारी से रसलगंज तक भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों की पार्किंग के लिए डी०एस० कॉलेज परिसर और मलखान सिंह जिला अस्पताल के अंदर व्यवस्था की गई है। एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं से संबंधित सभी वाहन इन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। आवश्यकतानुसार डायवर्जन पॉइंट और समय में परिवर्तन किया जा सकेगा।
जिला अस्पताल में हुआ सफाई, रंगाई-पुताई और मरम्मत का काम
मलखान सिंह जिला अस्पताल के दौरे पर आज डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आ रहे हैं। उनके स्वागत में जिला अस्पताल को चमकाया और संवारा गया। कहीं दीवारों पर गुलाबी रंग चढ़ाया जा रहा था तो कहीं स्ट्रेचर सफेद रंग से चमकाए जा रहे थे। शुक्रवार देर शाम तक जारी इस कवायद को देखकर मरीज और तीमारदार भी हैरान थे।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे जिला अस्पताल में सीएमएस कार्यालय के सामने गड्ढे में मिट्टी डाली जा रही थी। जर्जर रोड क्रॉस भी बदले जा रहे थे। आगे बढ़ने पर आयुष्मान वार्ड नंबर-1 में दो मरीज भर्ती मिले, जहां शाम 4:45 बजे यहां सफाई का काम चल रहा था। पास के कक्ष में अस्त-व्यस्त पड़े बेड व्यवस्थित किए जा रहे थे। महिला वार्ड के सामने भी रैंप को चौड़ा करने का काम जारी था। दीवारों पर गुलाबी रंग की पुताई हो रही थी। इमरजेंसी के बाहर भी नजारा बदला हुआ था। यहां मजदूर स्ट्रेचर को सफेद रंग से रंगने में जुटे थे।
एडी हेल्थ ने किया निरीक्षण, सीएमएस को दिए निर्देश
शुक्रवार की शाम 4:30 बजे एडी हेल्थ डॉ. नीरज त्यागी भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने वार्डों से लेकर इमरजेंसी तक का निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए सीएमएस को हिदायत दी।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कमी का उठेगा मुद्दा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सामने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कमी का मुद्दा उठेगा। अस्पताल में 17 डॉक्टरों की तैनाती है, जबकि 16 पद रिक्त हैं। नर्सिंग स्टाफ में 44 कर्मचारियों की तैनाती है, जबकि 27 पद रिक्त हैं। सीटी और सीआर मशीन की मांग भी रखी जाएगी।
जिला अस्पताल का भ्रमण डिप्टी सीएम करेंगे। देर शाम तक अस्पताल में साफ-सफाई होती रही। उनके समक्ष अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ नर्सिंग की कमी की भी बात रखेंगे। -डॉ. जगवीर सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल।