बरेली: निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल से गिरकर राजमिस्त्री की मौत, विद्युत लाइन से बांस टकराने से लगा करंट
बहेड़ी में शुक्रवार को 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने से 35 वर्षीय राजमिस्त्री गुड्डा की मौत हो गई। वह तीसरी मंजिल के पाड़ पर काम कर रहा था। गीले बांस के लाइन से टकराने से यह हादसा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के बहेड़ी कस्बे में पावर हाउस के पास शुक्रवार को एक बड़ी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बारिश में गीले बांसों से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के नीचे काम कराने के दौरान करंट लगने से तीसरी मंजिल के पाड़ से गिरकर 35 वर्षीय राजमिस्त्री गुड्डा की मौत हो गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
आठ भाई-बहनों का था इकलौता सहारा
बहेड़ी के मोहल्ला मोहम्मदपुर निवासी गुड्डा तीन भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक उसके पिता कोई काम नहीं करते हैं। इसलिए पूरे परिवार की जिम्मेदारी गुड्डा के ऊपर ही थी। चार साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसकी दो साल की मासूम बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया।
फातिहा पढ़कर गया था काम पर
परिजन ने बताया कि सुबह मोहल्ले में एक महिला के इंतकाल के तीजे की फातिहा थी। गुड्डा फातिहा पढ़कर काम पर गया था। दोपहर में वह पावर हाउस के पास बन रहे तीन मंजिला मकान के पाड़ पर काम कर रहा था। तभी पाड़ का गीला बांस 33 हजार की लाइन से टकरा गया और वह करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मच गया।
विद्युत निगम से नहीं ली थी परमिशन
विद्युत निगम के जेई रमेश सैनी ने बताया कि मकान का काम करने वाले किसी भी व्यक्ति ने निगम से कोई परमिशन या शटडाउन नहीं लिया था। बिना सुरक्षा के ही काम कराया जा रहा था।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलती तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।