{"_id":"6a89419df17bc4ffa600b639","slug":"seven-masked-robbers-storm-house-at-midnight-infant-allegedly-slammed-against-wall-2026-08-22","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"एटा में बड़ी लूट: घर में घुसे बदमाशों ने मां-बेटे को बनाया बंधक, मासूम को दीवार पर पटका; लाखों का माल ले उड़े","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एटा में बड़ी लूट: घर में घुसे बदमाशों ने मां-बेटे को बनाया बंधक, मासूम को दीवार पर पटका; लाखों का माल ले उड़े
Sat, 22 Aug 2026 11:58 AM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Sat, 22 Aug 2026 11:58 AM IST
अलीगंज के महाराजपुर गांव में सात नकाबपोश बदमाशों ने आधी रात घर में घुसकर महिला और बच्चों को तमंचे के बल पर बंधक बनाया और जेवरात व 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़िता ने एक साल की बच्ची को दीवार से पटकने और मारपीट का आरोप लगाया है; पुलिस, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
एटा में लूट
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के अलीगंज सर्किल के महाराजपुर गांव में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। करीब रात 12 से एक बजे के बीच सात नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते एक घर में दाखिल हुए और सो रही महिला व उसके बच्चों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। शोर मचाने पर बदमाशों ने बच्चों की कनपटी पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसकी एक साल की मासूम बेटी की गर्दन पकड़कर उसे दीवार से पटक दिया। इसके बाद बदमाश सोने के जेवरात और 20 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
विज्ञापन
थाना जसरथपुर क्षेत्र के महाराजपुर निवासी शिवानी पत्नी सोनू दुबे के मुताबिक उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। घटना के समय वह बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। घर के जीने पर गेट नहीं होने का फायदा उठाकर बदमाश छत के रास्ते नीचे उतर आए। पीड़िता के अनुसार सभी सात बदमाश नकाब पहने हुए थे। तीन बदमाशों ने उसे पकड़ रखा था, दो कमरे में रखे सामान को खंगाल रहे थे, जबकि एक जीने और दूसरा मुख्य गेट पर निगरानी कर रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
शिवानी ने बताया कि बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। विरोध और शोर मचाने पर एक बदमाश ने बच्चे की कनपटी पर तमंचा रख दिया। इसी दौरान आरोप है कि बदमाशों ने उसकी एक साल की बेटी की गर्दन पकड़कर उसे दीवार से पटक दिया। मासूम के साथ मारपीट होते देख महिला ने हिम्मत जुटाकर एक बदमाश को लात मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले।
पीड़िता के मुताबिक बदमाश घर से सोने की चेन, कान के झाले, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बाली समेत अन्य जेवरात और 20 हजार रुपये नकद लूट ले गए। वारदात के बाद महिला की चीख-पुकार और घटना की जानकारी से गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही जसरथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवानी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।
वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलमारन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और जसरथपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी ली।
पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस बदमाशों के आने-जाने के रास्तों के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच में जुटी है। घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा, फिलहाल पुलिस द्वारा जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।