चित्रकूट: मकान हथियाने के लिए सगे भाई का अपहरण कर हत्या, पिता-पुत्र समेत चार गिरफ्तार
Chitrakoot News: भरतकूप थाना क्षेत्र के बैहार गांव में मकान के विवाद में सगे भाई की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाई ने साथियों के साथ मिलकर मनोज का अपहरण किया, उसके साथ मारपीट की और गला घोंटकर हत्या कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भरतकूप थाना क्षेत्र के बैहार गांव में मकान के लालच में सगे भाई ने अपने ही भाई का अपहरण कर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को झांसी के पास लैतुरा बांध में फेंक दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बैहार निवासी पट्टू देवी ने 20 अगस्त को पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति मनोज 19 अगस्त की सुबह ई-रिक्शा चलाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनका ई-रिक्शा चौहान ढाबा के पास खड़ा मिला था। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे एक कार वहां आकर रुकी थी। कार से उतरे कुछ लोगों ने मनोज को जबरन कार में बैठाया और अपने साथ ले गए।
सीसीटीवी से कार का नंबर निकाला
सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर कार का नंबर सामने आया और उसके मालिक की पहचान कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच में सामने आया कि मनोज का अपहरण उसके सगे भाई महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर, कचहरी के पीछे निवासी अनिल पाल ने अपने बेटे हिमांशु पाल और खन्ना थाना क्षेत्र के सिरसी कला निवासी रोहित साहू व राजू पाल के साथ मिलकर किया था।
मकान अपने नाम कराने का बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मनोज के नाम दर्ज मकान को अपने नाम कराने का उस पर दबाव बनाया जा रहा था। मनोज के इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे लैतुरा बांध के पास ले जाया गया, जहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बांध में फेंक दिया। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद टीम बांध किनारे पहुंची और शव की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ शव की तलाश में जुटी है।