फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Kapil Dev Urges Officials to Ease Spectator Access Amid Protests, Calls for Gen Z to Listen to Others

गोल्फ चैंपियनशिप: दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों का टूर्नामेंट पर असर? कपिल देव ने अधिकारियों से क्या अपील की

Fri, 16 Oct 2026 05:32 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 16 Oct 2026 05:32 PM IST
सार
Register For Event

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के बीच पुलिस प्रतिबंधों के कारण डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप तक पहुंचने में दर्शकों को हो रही परेशानी पर अधिकारियों से मदद की अपील की। उन्होंने जेन जी को अपनी बात रखने के साथ दूसरों के अनुभव और विचारों को भी सुनने की सलाह दी। साथ ही भारत में गोल्फ को लोकप्रिय बनाने के लिए नौ होल वाले गोल्फ कोर्स बढ़ाने पर जोर दिया।

विज्ञापन
Kapil Dev Urges Officials to Ease Spectator Access Amid Protests, Calls for Gen Z to Listen to Others
कपिल देव - फोटो : ANI

विस्तार

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव ने अधिकारियों से अपील की है कि वे दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच पुलिस प्रतिबंधों के कारण दर्शकों को हो रही परेशानी दूर करने में मदद करें। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी टूर्नामेंट के महत्व को समझते हुए दर्शकों की आयोजन स्थल तक पहुंच आसान बना सकें, तो यह शानदार होगा। कपिल ने इस दौरान जेन जी को भी संदेश दिया और कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के साथ दूसरों को सुनने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।

विज्ञापन
Trending Videos

अधिकारियों से दर्शकों की मदद करने की अपील
डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के दूसरे दिन शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कपिल देव ने कहा कि आयोजक चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा दर्शक टूर्नामेंट देखने आएं। हालांकि, इसके लिए सरकारी व्यवस्था और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना भी जरूरी है। दिल्ली गोल्फ क्लब के आसपास पुलिस बैरिकेडिंग के कारण दर्शकों की संख्या प्रभावित होने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि हर कोई यहां आए और मुकाबले का आनंद ले लेकिन सरकार की जो भी व्यवस्था है, हम उसके साथ हैं। हमें सरकारी इंतजामों के दायरे में रहकर ही काम करना होगा। हम किसी व्यवस्था को दरकिनार नहीं कर सकते।'

उन्होंने आगे कहा, 'अधिकारी अगर इस टूर्नामेंट के महत्व को समझते हुए लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने में मदद कर सकें, तो यह बहुत अच्छी बात होगी।' दिल्ली गोल्फ क्लब मध्य दिल्ली में स्थित है। इसी क्षेत्र में मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर के आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों के बीच पुलिस प्रतिबंधों के कारण टूर्नामेंट तक दर्शकों की पहुंच प्रभावित होने का मुद्दा सामने आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जेन जी को दी दूसरों की बात सुनने की सलाह
पिछले कुछ महीनों में विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली जेन जी पीढ़ी को संदेश देने के सवाल पर कपिल देव ने युवाओं की समझ और क्षमता की सराहना की। हालांकि, उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने विचार रखने के साथ अनुभव का सम्मान करना और दूसरों की बात सुनना भी सीखना चाहिए।

भारत को पहली बार क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले कप्तान ने कहा, 'आज के युवा बहुत समझदार और बुद्धिमान हैं। उन्हें अपनी जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। हमारे पास उनसे ज्यादा अनुभव है, जिसका इस्तेमाल हम उन्हें सही दिशा दिखाने में कर सकते हैं। यह दोनों तरफ से चलने वाली प्रक्रिया होनी चाहिए।'

उन्होंने आगे कहा, 'युवा हमारे देश का भविष्य हैं। हमें उनका सही मार्गदर्शन करना चाहिए और उन्हें भी दूसरों की बात सुनने के लिए तैयार रहना होगा। ऐसा नहीं होना चाहिए कि वे सिर्फ अपनी ताकत के दम पर अपनी बात को सही साबित करने की कोशिश करें। हमारा देश आगे बढ़ रहा है और इसे प्रगति के रास्ते पर ले जाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। देश को गलत दिशा में नहीं जाने देना चाहिए।'

कपिल के मुताबिक, युवाओं को मार्गदर्शन देने के साथ उनके विचारों को सुनना भी जरूरी है। उनके संदेश का जोर इस बात पर रहा कि देश की प्रगति के लिए अलग-अलग पीढ़ियों के बीच संवाद और आपसी सहयोग होना चाहिए।
विज्ञापन

गोल्फ को आम लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए?
भारत में गोल्फ की लोकप्रियता बढ़ाने के सवाल पर कपिल देव ने इस खेल को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए नए प्रारूप अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने विशेष रूप से नौ होल वाले गोल्फ कोर्स की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'हमें ऐसे नए प्रारूपों पर लगातार काम करना चाहिए, जिनसे खिलाड़ियों और आम लोगों को इस खेल में हिस्सा लेने के ज्यादा अवसर मिलें। मैं चाहता हूं कि अगले 10 वर्षों में देश में नौ होल वाले गोल्फ कोर्स की संख्या बढ़े। भारत जैसे देश में 18 होल का गोल्फ कोर्स बनाना काफी मुश्किल हो सकता है।' कपिल का मानना है कि छोटे प्रारूपों और नौ होल वाले गोल्फ कोर्स के विकास से इस खेल में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।

कई दिग्गज गोल्फर ले रहे हैं हिस्सा
डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में मौजूदा चैंपियन टॉमी फ्लीटवुड, पूर्व विश्व नंबर एक रोरी मैक्लरॉय और जस्टिन रोज के अलावा पैट्रिक रीड तथा शेन लोरी जैसे प्रमुख गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों की पहुंच का मुद्दा भी चर्चा में रहा। कपिल देव ने स्पष्ट किया कि आयोजक अधिक से अधिक लोगों को प्रतियोगिता से जोड़ना चाहते हैं, लेकिन ऐसा सरकारी व्यवस्था का सम्मान करते हुए ही किया जाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed