{"_id":"6a888761a6ce9873a70ee6e6","slug":"eng-vs-pak-england-thrash-pakistan-by-an-innings-and-103-runs-in-first-test-at-headingley-leeds-2026-08-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"ENG vs PAK: रॉबिन्सन-टंग के आगे पाकिस्तानियों का सरेंडर, तीन दिन में इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से दर्ज की जीत","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
ENG vs PAK: रॉबिन्सन-टंग के आगे पाकिस्तानियों का सरेंडर, तीन दिन में इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से दर्ज की जीत
Fri, 21 Aug 2026 10:44 PM IST
मयंक त्रिपाठी
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हेडिंग्ले
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हेडिंग्ले
Published by: मयंक त्रिपाठी
Updated Fri, 21 Aug 2026 10:44 PM IST
इंग्लैंड ने हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर के तूफानी पेस अटैक के सामने पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 135 रन पर ढेर हो गई।
विज्ञापन
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया
- फोटो : IANS
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान की बल्लेबाजी की पोल हेडिंग्ले में एक बार फिर खुल गई। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने ऐसा सरेंडर किया कि पहला टेस्ट तीन दिन में ही खत्म हो गया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दूसरी पारी में सिर्फ 135 रन पर समेटकर पारी और 103 रन से करारी शिकस्त दी और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर की पेस तिकड़ी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी दोनों पारियों में पूरी तरह बेबस नजर आई।
विज्ञापन
पाकिस्तान का शर्मनाक प्रदर्शन
- पहली पारी में पाकिस्तान महज 171 रन पर ढेर हुआ था। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 409 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर 238 रन की विशाल बढ़त हासिल की। तीसरे दिन इंग्लैंड की पारी 409 रन पर खत्म होने के बाद पाकिस्तान को कम से कम मैच को चौथे दिन तक ले जाने के लिए जुझारू बल्लेबाजी की जरूरत थी, लेकिन उसके बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया।
- पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत ही बुरे सपने जैसी रही। जोफ्रा आर्चर ने नई गेंद से इमाम-उल-हक को पवेलियन भेजा, जबकि अजान अवैस 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ओली रॉबिन्सन ने अब्दुल्ला शफीक की 15 रन की पारी का अंत किया। शान मसूद ने 29 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध दिखाने की कोशिश की, लेकिन जोश टंग के आने के बाद पाकिस्तान का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।
- टंग ने सऊद शकील को 14 रन पर आउट किया और इसके बाद शान मसूद तथा सलमान आगा को एक ही ओवर में चलता कर पाकिस्तान को 76 रन पर छह विकेट के संकट में डाल दिया। टंग ने महज 11 गेंदों में तीन विकेट लेकर इंग्लैंड की पकड़ बेहद मजबूत कर दी।
- विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 39 गेंदों में 41 रन बनाकर कुछ देर तक संघर्ष किया। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन वह भी टीम को हार से नहीं बचा सके। गस एटकिंसन ने रिजवान की पारी खत्म की, जबकि जोफ्रा आर्चर ने आखिरी बल्लेबाज को आउट कर पाकिस्तान की पारी पर पर्दा डाल दिया। पूरी टीम 37.3 ओवर में 135 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया
- फोटो : IANS
रॉबिन्सन का पंजा, टंग ने भी बरपाया कहर
- इंग्लैंड की जीत के सबसे बड़े नायक ओली रॉबिन्सन रहे। उन्होंने पहली पारी में 5/51 और दूसरी पारी में तीन विकेट समेत मैच में कुल आठ विकेट झटके। 8/80 के मैच आंकड़े के साथ उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
- जोश टंग ने भी पूरे मैच में आठ विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। पहली पारी में 5/46 लेने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में तीन और विकेट अपने नाम किए। दूसरी पारी में जोफ्रा आर्चर ने भी तीन विकेट लिए। इंग्लैंड के चारों तेज गेंदबाजों ने लगातार फुल लेंथ पर गेंदबाजी कर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया।
- रॉबिन्सन के लिए यह प्रदर्शन खास रहा। जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ 7/77 लेने के बाद वह फिटनेस पर काम कर रहे थे। मैच के बाद उन्होंने कहा कि वह अगले टेस्ट से पहले ज्यादा से ज्यादा आराम करने की कोशिश करेंगे।
पहली पारी में भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों की खुली पोल
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरा पाकिस्तान पहली पारी में भी सिर्फ 171 रन बना सका था। अब्दुल्ला शफीक ने 61 और इमाम-उल-हक ने 42 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज इंग्लैंड के तेज आक्रमण के सामने टिक नहीं सके। रॉबिन्सन और टंग ने पांच-पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की पहली पारी को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान के सभी 10 विकेटों में से नौ पर सीधा असर डाला और इंग्लैंड को मैच पर शुरुआती पकड़ दिला दी।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरा पाकिस्तान पहली पारी में भी सिर्फ 171 रन बना सका था। अब्दुल्ला शफीक ने 61 और इमाम-उल-हक ने 42 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज इंग्लैंड के तेज आक्रमण के सामने टिक नहीं सके। रॉबिन्सन और टंग ने पांच-पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की पहली पारी को तहस-नहस कर दिया। दोनों ने मिलकर पाकिस्तान के सभी 10 विकेटों में से नौ पर सीधा असर डाला और इंग्लैंड को मैच पर शुरुआती पकड़ दिला दी।
ब्रूक-रूट समेत इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जमाया रंग
- पाकिस्तान के 171 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 409 रन बनाकर मैच की तस्वीर ही बदल दी। हैरी ब्रूक ने 93 गेंदों पर 91 रन की आक्रामक पारी खेली। जॉर्डन कॉक्स ने 73, कप्तान जो रूट ने 66 और डेन लॉरेंस ने 51 रन बनाए।
- इंग्लैंड की पारी के दौरान पाकिस्तान के अली उस्मान ने 95 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि खुर्रम शहजाद ने तीन विकेट हासिल किए। हालांकि, गेंदबाजों के इस प्रदर्शन का पाकिस्तान को कोई फायदा नहीं मिला, क्योंकि बल्लेबाज दोनों पारियों में बुरी तरह फ्लॉप रहे।
- इंग्लैंड ने तीसरे दिन सुबह अपने स्कोर में 43 रन जोड़कर पहली पारी को 409 तक पहुंचाया। जोफ्रा आर्चर ने बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया और इंग्लैंड की बढ़त को 200 के पार पहुंचाने में मदद की।
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया
- फोटो : IANS
रूट के दूसरे कप्तानी कार्यकाल की धमाकेदार शुरुआत
- बेन स्टोक्स के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास और ब्रेंडन मैकुलम के कोच पद से हटने के बाद इंग्लैंड एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। ऐसे समय में जो रूट के पूर्णकालिक टेस्ट कप्तान के रूप में वापसी की शुरुआत बेहद शानदार रही। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हर विभाग में मात दी। पहले गेंदबाजी में दबदबा बनाया, फिर बल्लेबाजी में 238 रन की बढ़त हासिल की और आखिर में पाकिस्तान को तीन दिन के भीतर ही पारी से हरा दिया।
- पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी हार के बाद स्वीकार किया कि इंग्लैंड ने उनकी टीम को हर विभाग में पछाड़ दिया। पाकिस्तान की टीम हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने और अभ्यास मैच खेलने के बाद इंग्लैंड पहुंची थी, लेकिन हेडिंग्ले में उसका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। बल्लेबाजी के साथ-साथ उसकी गेंदबाजी और फील्डिंग भी कमजोर नजर आई।
- इस जीत से इंग्लैंड को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भी महत्वपूर्ण अंक मिले हैं। वहीं पाकिस्तान की स्थिति और खराब हुई है और उसका अंक प्रतिशत गिरकर 19.05 हो गया है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। पाकिस्तान के सामने सबसे बड़ा सवाल अपनी बल्लेबाजी को पटरी पर लाने का है। हेडिंग्ले में जिस तरह उसके शीर्ष और मध्यक्रम ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के आगे हथियार डाले, अगर वही कहानी लॉर्ड्स में भी दोहराई गई तो सीरीज में वापसी पाकिस्तान के लिए बेहद मुश्किल हो सकती है।