मेरठ में हत्या: खेत में मिले युवती का शव की हुई पहचान, प्रेमी-उसकी पहली पत्नी समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
मेरठ के सरधना में कुशावली के जंगल से मिले युवती के शव की पहचान शीबा के रूप में हुई है। भाई की तहरीर पर प्रेमी, उसकी पहली पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के सरधना क्षेत्र में कुशावली गांव के जंगल में गन्ने के खेत से मिले युवती के शव की पहचान भावनपुर क्षेत्र के सियाल गांव निवासी शीबा के रूप में हो गई है। पहचान के बाद मृतका के भाई ने कंकरखेड़ा क्षेत्र के युवक, उसकी पहली पत्नी और परिजनों पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है। सरधना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और साजिश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
2019 में हुई थी शीबा की शादी
सियाल गांव निवासी जुनैद पुत्र मुस्तफा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बड़ी बहन शीबा का निकाह वर्ष 2019 में कंकरखेड़ा के मोहम्मदपुर लाला गांव निवासी शाहरुख के साथ हुआ था। इस शादी से शीबा के दो बच्चे हैं। भाई के अनुसार शादी के करीब तीन साल बाद उसी गांव का सादिक पुत्र बाबर शीबा को अपने साथ रखने लगा।
यह भी पढ़ें: मेरठ में हादसा: कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से कैंटर ने मारी टक्कर, दो की मौत,11 घायल
प्रेम संबंध के बाद पहली पत्नी से विवाद का आरोप
जुनैद का आरोप है कि सादिक शीबा के बच्चों को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं था और अपनी पहली पत्नी आसिया व बच्चों के साथ रहता था। इसे लेकर शीबा और सादिक के बीच विवाद होता था। आरोप है कि विरोध करने पर सादिक, उसकी मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाई आबिद शीबा के साथ मारपीट और विवाद करते थे।
19 अगस्त को फोन पर बताई थी पूरी बात
मृतका के भाई के अनुसार, 19 अगस्त की शाम शीबा ने फोन कर बताया था कि सादिक, वसीला, आसिया और आबिद उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे हैं और हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सोशल मीडिया पर तस्वीर देख परिजन पहुंचे थाने
जुनैद के अनुसार, 21 अगस्त को सामाजिक माध्यम पर अज्ञात युवती के शव की तस्वीर दिखाई दी। इसके बाद परिजन सरधना थाने पहुंचे और मोर्चरी में शव की पहचान शीबा के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद मृतका के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पांच नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी
सरधना पुलिस ने तहरीर के आधार पर सादिक, उसकी पत्नी आसिया, मां वसीला, भाई आबिद और साजिश में शामिल दूसरे भाई शादाब के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238(ख) और 61(1)(क) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार हत्या, साक्ष्य मिटाने और साजिश से संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में दबिश
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।